Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल मेमोरियल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल? कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय...

भोपाल मेमोरियल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल? कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

भोपाल: मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMHRC) की व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं? प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अमित शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में अस्पताल में मरीजों के इलाज, आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती, कर्मचारियों के भुगतान और चिकित्सा सुविधाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने इन सभी मामलों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया और राहुल राज भी मौजूद रहे।

भर्ती के नाम पर 50 हजार से 2 लाख रुपये लेने का आरोप

अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भर्ती के नाम पर कथित तौर पर 50 हजार से लेकर 2 लाख रुपये तक लिए जाते हैं। इस मामले में एजेंसी से जुड़े दो सुपरवाइजर बसंत अवस्थी और सैयद असरफ अली की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि कई कर्मचारियों से छह से आठ महीने या करीब एक साल तक काम कराने के बाद उन्हें हटा दिया जाता है। वहीं, अस्पताल में 18 से 20 वर्षों से काम कर रहे कर्मचारियों को भी नौकरी से हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

कांग्रेस ने कर्मचारियों के टीए-डीए, बोनस, पेंशन और ग्रेच्युटी जैसे भुगतान की भी जांच कराने की मांग की है। आरोप है कि लंबे समय से काम कर रहे कर्मचारियों को उनके सेवा संबंधी लाभ नहीं मिल रहे हैं।

करोड़ों की मशीनें होने के बाद भी मरीजों को बाहर भेजने का आरोप

कांग्रेस नेता ने अस्पताल में मौजूद MRI और CT Scan मशीनों के उपयोग पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि करोड़ों रुपये की मशीनों का पर्याप्त उपयोग नहीं किया जा रहा है और मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर भेजा जाता है।

उन्होंने मांग की कि मरीजों को बाहर रेफर करने की प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि मरीजों को बाहर भेजने के पीछे किसी तरह का आर्थिक लाभ या कमीशन तो नहीं लिया जा रहा है।

गैस पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता नहीं मिलने का आरोप

अमित शर्मा ने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए स्थापित अस्पताल में ही गैस पीड़ितों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि गैस पीड़ितों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ता है।

इसके अलावा अस्पताल के एक चिकित्सक डॉ. अमन चतुर्वेदी के खिलाफ मिली शिकायतों की स्वतंत्र मेडिकल और प्रशासनिक जांच कराने की मांग भी की गई। अस्पताल प्रशासन से जुड़े कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: एमपी पुलिस के 18 वरिष्ठ अधिकारियों को मिलेगा उच्च वेतनमान, गृह विभाग ने दी मंजूरी

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस ने मांग की है कि अस्पताल की भर्ती प्रक्रिया, आउटसोर्स एजेंसियों के अनुबंध, कर्मचारियों के भुगतान, चिकित्सा मशीनों के उपयोग और मरीजों को बाहर रेफर करने के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

अमित शर्मा ने कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, लापरवाही या मरीजों के अधिकारों का उल्लंघन साबित होता है तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन