ग्वालियर: अगर आप मध्य प्रदेश में वाहन चलाते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। प्रदेश में लाखों वाहन चालकों पर ई-चालान बकाया हैं, लेकिन 86 फीसदी लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं है। हिमाचल की तर्ज पर अब MP में भी चालान वसूली के नियमों को सख्त और भुगतान को आसान बनाया जा रहा है।
22 लाख चालान, सिर्फ 14% भुगतान
मध्य प्रदेश में ट्रैफिक चालान की रिकवरी पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है। MoRTH के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अकेले इंदौर में 4.8 लाख से अधिक ट्रैफिक चालान जारी किए गए, ग्वालियर में 1.8 लाख ई-चालान भेजे गए और पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 22 लाख से अधिक रहा।
इसके बावजूद भुगतान पेंडेंसी बढ़ गई है। पूरे साल में ऑनलाइन चालानों का भुगतान महज 14 प्रतिशत के करीब रहा। बड़ी वजह यह है कि ट्रैफिक कैमरों और सिग्नलों से ई-चालान तो भेज दिए जाते हैं, लेकिन वाहन चालकों को पता ही नहीं चलता।
यह भी पढ़ें: MP, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के आदिवासी इलाकों में कुपोषण से मौतों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
कैसे चेक करें और भरें चालान?
परिवहन विभाग ने ई-चालान देखने और भुगतान के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर व्यवस्था की है। कोई भी वाहन चालक अपने वाहन नंबर से चालान देख सकता है और ऑनलाइन डिजिटल भुगतान कर सकता है।
वहीं स्पॉट चेकिंग या ट्रैफिक सिग्नल पर कटे चालान का भुगतान ट्रैफिक पुलिसकर्मी के पास उपलब्ध POS मशीन के जरिए तुरंत डिजिटल पेमेंट से भी किया जा सकता है। गृह विभाग ने आम लोगों की सहूलियत के लिए यह ऑनलाइन सुविधा शुरू की है।

