दिवाली पर कार्बाइड गन से पटाखे फोड़ने वालों को बेचने के लिए रखा था विस्फोटक, एक आरोपी गिरफ्तार
सीहोर: त्योहारों के मद्देनजर अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भैरुंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री में 150 किलोग्राम सल्फर और 100 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पड़ा छापा
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अवैध विस्फोटक पदार्थ, बारूद और कार्बाइड गन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर भैरुंदा पुलिस टीम ने मियां मोहल्ला स्थित कब्रिस्तान के पास रहने वाले सलमान कुरैशी (32) के बाड़े पर दबिश दी।
तीन बोरियों में मिला सल्फर, दो में पोटेशियम नाइट्रेट
तलाशी के दौरान पुलिस को तीन बोरियों में 50-50 किलोग्राम के हिसाब से कुल 150 किलोग्राम सल्फर और दो बोरियों में 50-50 किलोग्राम के हिसाब से 100 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में इनके लाइसेंस नहीं होना बताया।
दिवाली पर बेचने के लिए रखा था विस्फोटक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने यह सामग्री दिवाली के दौरान कार्बाइड गन (गचकुंडी) से पटाखे फोड़ने वालों को बेचने के लिए रखी थी।
यह भी पढ़ें: अंताक्षरी में हारे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, फिर भी बांटे दीपावली के उपहार
रहवासी क्षेत्र में रखे होने से था खतरा
पुलिस ने बताया कि विस्फोटक सामग्री रहवासी क्षेत्र में बिना अनुमति के रखी गई थी, जिससे मानव जीवन और आसपास के लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। पुलिस ने कुल 250 किलोग्राम सामग्री जब्त कर आरोपी सलमान कुरैशी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में भैरुंदा पुलिस टीम की भूमिका रही।

