काठमांडू: नेपाल में एक बार फिर बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। रविवार को गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। बाढ़ के तेज बहाव में 6 पुल और करीब 35 घर बह गए, जबकि कम से कम 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। हालात को देखते हुए नेपाल सरकार ने सेना और हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया है।
अचानक बढ़ा नदी का पानी, घर छोड़कर भागे लोग
गोरखा जिले में रविवार को बूढ़ी गंडकी नदी ने अचानक विकराल रूप ले लिया। नदी का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगा। कई घरों में पानी और मलबा घुस गया। लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।
बाढ़ के कारण कई पुल टूट गए हैं, जिससे आसपास के गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। बूढ़ी गंडकी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की कैंप बिल्डिंग भी बाढ़ की चपेट में आकर तबाह हो गई। प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।
पहाड़ से मलबा गिरने के कारण बाढ़ आने की आशंका
अधिकारियों को आशंका है कि पहाड़ी इलाके में भूस्खलन होने से नदी का बहाव रुक गया था। इसके बाद जमा पानी अचानक तेज बहाव के साथ नीचे की ओर आया, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए। हालांकि, बाढ़ के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
प्रभावित इलाकों से सामने आए वीडियो में पानी के तेज बहाव के बीच लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दे रहे हैं। कई जगह नदी के साथ आया मलबा घरों और सड़कों तक पहुंच गया है। प्रशासन लगातार माइक से घोषणा कर लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने सेना भेजी, हेलीकॉप्टर से बचाव कार्य
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने प्रभावित इलाकों में सेना की टुकड़ी भेजने के निर्देश दिए हैं। सेना के जवानों को हवाई रास्ते से पहुंचाया जा रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। गृह मंत्री सुडान गुरुंग ने बताया कि राहत और बचाव कार्य में सुरक्षाकर्मियों के साथ हेलीकॉप्टर टीमों को भी लगाया गया है। उन्होंने नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
गोरखा के चुमनुबरी ग्रामीण क्षेत्र में न्याकचेट और फिल्म बाजार को जोड़ने वाला पुल भी बाढ़ में नष्ट हो गया है। वहीं, घाट्टेखोला इलाके के कुछ घरों में मटमैला पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें: 17 बांग्लादेशियों के फर्जी पासपोर्ट बनवाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, बिलासपुर से दबोचा
10 लोगों का अब तक पता नहीं, नदी किनारे अलर्ट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ के बाद से 10 लोग लापता हैं। फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

