भोपाल: मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग में रविवार को बूंदाबांदी हुई। कुछ जगहों पर बादल भी छाए रहे। मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, सोमवार से साइक्लोनिक सकुर्लेशन का असर खत्म हो जाएगा। इसके बाद रात में ठंड बढ़ेगी, लेकिन पूरे अक्टूबर दिन में गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
20 अक्टूबर से रात में ठंड बढ़ने का अनुमान
मौसम विभाग ने 20 अक्टूबर से रात में ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। इससे पहले बीती रात इंदौर में पारा 15.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाजापुर में 16.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 16.9 डिग्री, पचमढ़ी में 17.5 डिग्री और भोपाल में 17.8 डिग्री रहा।
दिन की बात करें तो ग्वालियर-नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा गर्मी है। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार चल रहा है। हालांकि, रविवार को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज और सतना में मौसम बदला रहा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश और कहीं बादल छाए रहे।
अगले 4 दिन तक बारिश का अनुमान नहीं है
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि उत्तरी हिस्से में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। वहीं, चक्रवात भी एक्टिव है। यदि इनका आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में असर रहा तो बारिश हो सकती है। फिलहाल अगले 4 दिन तक बारिश का अनुमान नहीं है।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह धरने पर बैठे,बोले- आदिवासियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं
प्रदेश से 3 अक्टूबर को ही मानसून लौट चुका है, लेकिन सिस्टम एक्टिव होने से बारिश का दौर फिर शुरू हो गया। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड रहा है। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है।
अक्टूबर की शुरुआत में ही मौसम साफ हो गया और धूप खिलने लगी। वहीं, रात में ठंडक है, जबकि कई जिलों में बारिश भी हो रही है। इस बार प्रदेश में 100 दिन तक दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव रहा।

