नई दिल्ली: पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अनुभवी बल्लेबाज कुसल मेंडिस को पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। दोनों देशों के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 9 नवंबर से होगी।
श्रीलंका के पूर्व टेस्ट कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने हाल ही में अचानक कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद क्रिकेट बोर्ड ने कुसल मेंडिस को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया। हालांकि धनंजय डी सिल्वा को बतौर खिलाड़ी टीम में जगह दी गई है।
नए खिलाड़ियों को मिला मौका
पाकिस्तान दौरे के लिए श्रीलंका ने कुछ नए चेहरों को भी टीम में शामिल किया है। तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा को टेस्ट टीम में मौका मिला है। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन अभी तक टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है।
विकेटकीपर बल्लेबाज अंजला बंडारा को भी पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें निरोशन डिकवेला की जगह मौका मिला है। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका की टेस्ट टीम में वापसी हुई है।
सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका को भी टीम में चुना गया है, लेकिन उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के मुताबिक निसांका की फिटनेस को लेकर चिंता बनी हुई है, जबकि बाकी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं।
टी20 सीरीज में पाकिस्तान का दबदबा
टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान ने जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम कर ली है।
तीसरा और आखिरी टी20 मुकाबला 13 अक्टूबर को रावलपिंडी में खेला जाना है। ऐसे में श्रीलंका की कोशिश आखिरी मुकाबला जीतकर टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास हासिल करने की होगी।
पाकिस्तान दौरे के लिए श्रीलंका की 15 सदस्यीय टेस्ट टीम
कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, पसिंदु सोरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंडु मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंडारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रथनायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका और ईशान मलिंगा।
टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम
पहला टेस्ट : 9 नवंबर 2026 से रावलपिंडी में।
दूसरा टेस्ट : 17 नवंबर 2026 से लाहौर में।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल और शेफाली वर्मा बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ, सितंबर में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
नए कप्तान के सामने बड़ी चुनौती
कुसल मेंडिस के लिए यह टेस्ट सीरीज काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। पहली बार कप्तानी संभालने के साथ ही उन्हें पाकिस्तान की परिस्थितियों में टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना होगा। श्रीलंका के पास दिनेश चांदीमल, धनंजय डी सिल्वा और कामिंडु मेंडिस जैसे अनुभवी बल्लेबाज हैं। वहीं गेंदबाजी में प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

