देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी सिलसिले में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चुनावी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान दोनों मंडलायुक्त, पुलिस रेंज के प्रभारी, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की 20 से अधिक प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोग के प्रतिनिधिमंडल के सामने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में चुनाव के दौरान निष्पक्षता सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर निगरानी जैसे मुद्दों पर तैयारियों की समीक्षा की गई। अब नजर इस बात पर रहेगी कि चुनाव से पहले आयोग की ओर से क्या दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित इस बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधिमंडल की ओर से वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना, मुख्य निर्वाचन अधिकारी अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आयोग की तरफ से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी
पहले दिन सभी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारियों,उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए आयोग की तरफ से विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की प्रथम स्तरीय जांच कार्यशाला भी आयोजित की गई। इस दौरान आयोग की तरफ से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
ये भी पढ़ें: आलीराजपुर में सीएम का पुतला जलाना पड़ा महंगा, कांग्रेस नेता-नगर पालिका उपाध्यक्ष समेत 11 पर FIR दर्ज
जनपद की चुनाव तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया
बैठक के दूसरे दिन सभी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारियों ने जनपद की चुनाव तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। जिलों के पुलिस अधिकारियों ने फोर्स डिप्लायमेंट प्लान सहित अपराध एवं कानून व्यवस्था संबंधी प्रस्तुतीकरण दिया। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों के संबंध में संतोष प्रकट करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लाॅनर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अर्द्धसैनिक बल, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, कस्टम सहित 21 एजेंसियों ने भी चुनाव तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया।

