इलिनॉय: अमेरिका के इलिनॉय में नवरात्रि के दौरान एक हिंदू मंदिर पर हमले की कथित साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय युवक अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को गिरफ्तार किया है।आरोप है कि युवक 11 अक्टूबर को भारतीय मूल के लोगों की सामूहिक हत्या करने की योजना बना रहा था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
मंदिर में 3,000 से ज्यादा श्रद्धालु आते हैं
पापोराकिस अपने घर से करीब 65 किमी गाड़ी चलाकर ऑरोरा में श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर पहुंचा था। इस मंदिर में छुट्टी के दिन 3,000 से ज्यादा श्रद्धालु आते हैं।
पापोराकिस अपने साथ राइफल और सैकड़ों गोलियां लेकर आया था, लेकिन राइफल जाम होने की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद उसे वहां से भागना पड़ा।
भारतीयों को मार डालने की बातें करता था आरोपी
घर लौटने के बाद पापोराकिस ने अपने एक दोस्त को मैसेज कर इसकी जानकारी दीा। उसने हथियार की तस्वीरें और अपनी एक तस्वीर भी भेजी।
आरोपी का मैसेज देखकर उसके दोस्त ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस को उसके घर में मिली एक जैकेट पर ऐसा निशान भी था, जो गोरी नस्ल को दूसरों से बेहतर मानने वाले चरमपंथियों से जुड़ा है।
आरोपी अपने सहकर्मियों के सामने भारतीयों के खिलाफ नस्लभेदी बातें करता था। वह उन्हें मार डालने की भी बातें करता था। उसने दोस्तों से यह भी कहा था कि 11 अक्टूबर का दिन खास होने वाला है।अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवक भारतीय मूल के लोगों से नफरत करता था। उसके घर से राइफल, कई भरी हुई मैगजीन और 300 राऊंड गोलियां मिली हैं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में इंटरनेट बंद करने पर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी बिना शर्त माफी
2 अक्टूबर को ओहायो में हिंदू मंदिर पर हमला हुआ था
बता दें, 2 अक्टूबर 2026 को अमेरिका के ओहायो राज्य के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर की खिड़कियों पर ईंटें फेंकी गईं थीं। घटना के समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की थी। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे धार्मिक या नस्लीय नफरत होने का कोई सबूत नहीं मिला था और जांच जारी थी।

