भोपाल: न्यू मार्केट में लगी भीषण आग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। बालाजी छोला भटूरे दुकान के संचालक पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की जांच में आगजनी में दुकान संचालक की लापरवाही सामने आई है। भट्टी के पास कपड़े रखे थे। जिससे आग भड़की थी। वहीं, आज से नगर निगम हॉकर्स जोन की शिफ्टिंग की कार्रवाई करेगा। टीटी नगर स्टेडियम के पास हॉकर्स शिफ्ट किए जाएंगे।
बता दें, बालाजी छोटे भटूरे दुकान में 8 अक्टूबर को भीषण आग लगी थी। आग ने पास की 4 अन्य दुकानों और 12 से ज्यादा रेहड़ियों को भी चपेट में ले लिया था। इससे करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया था। इसी मामले में जहां नगर निगम एक्शन मोड में है और न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बना रहा है। वहीं, टीटी नगर पुलिस ने दुकान संचालक दीप उर्फ दीपू अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक ने पुलिस को शिकायत की थी
जांच में सामने आया कि बालाजी छोला-भटूरा दुकान में भट्टी जल रही थी। इसके पास रखे कपड़े में आग लगने के बाद लपटें फैल गईं और देखते ही देखते आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में आम्रपाली रेस्टोरेंट, विजय स्टोर, एक कैफे और मोबाइल दुकान को नुकसान हुआ था। घटना के बाद आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल ने पुलिस को शिकायत की थी।
ये भी पढ़ें: MP में लाडली बहना योजना पर घमासान, पोर्टल दोबारा खोलने को लेकर दो मंत्रियों के अलग-अलग बयान
दुकानों की शिफ्टिंग शुरू
इधर, नगर निगम न्यू मार्केट को नो-हॉकर्स जोन बना रहा है। इसके चलते बुधवार को करीब 3 घंटे मॉकड्रिल की गई थी। 2 दमकलों को पूरे मार्केट में घूमाया गया था। जहां दमकल रूकी, वहां से निगम ने सामान जब्त किया था। 8 अक्टूबर को दुकान के सामने रखे सामान की वजह से दमकलें आगे नहीं बढ़ पाई थीं।
इधर, नगर निगम ने दिनभर एनाउंसमेंट कराया कि गुरुवार को हॉकर्स स्टेडियम के पास शिफ्ट कर लें। वरना जब्ती की कार्रवाई होगी। अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार से हॉकर्स की शिफ्टिंग पर जोर देंगे। इसे लेकर बुधवार को ही एनाउंसमेंट करा दिया है। न्यू मार्केट नो-व्हीकल जोन में रेहड़ी लगाकर व्यवसाय करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में विस्थापित करेंगे।

