नई दिल्ली: CJP के 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग उठी है। इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है।सीनियर एडवोकेट सचिन पुरी ने दिल्ली हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वी. सांब्रे की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने यह मामला उठाया। उन्होंने अदालत से प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रदर्शनों से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा
दिल्ली हाई कोर्ट में दायर याचिका में सीनियर एडवोकेट सचिन पुरी ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने तर्क दिया कि इस तरह के प्रदर्शनों से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। याचिका के मुताबिक, प्रदर्शनों के कारण दिल्ली में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। साथ ही, सेंट्रल दिल्ली के दुकानदारों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन्हीं दलीलों के आधार पर याचिकाकर्ता ने अदालत से 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने का अनुरोध किया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल न्यू मार्केट आगजनी मामले में एक्शन, दुकान संचालक पर FIR; भट्टी के पास रखे कपड़ों से भड़की थी आग
सुनवाई के बाद इस मामले पर विचार किया जाएगा
दिल्ली हाई कोर्ट ने सुबह के सत्र में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन पर तत्काल कोई निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े मामले पर सुनवाई चल रही है। ऐसे में हाई कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई दोपहर तक टाल दी। मुख्य न्यायाधीश एन. वी. साम्ब्रे की अगुवाई वाली बेंच ने याचिकाकर्ता और सीनियर एडवोकेट सचिन पुरी को दोपहर 2:30 बजे के बाद फिर से पेश होने को कहा। कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद इस मामले पर विचार किया जाएगा।

