Friday, October 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsन्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं जसप्रीत बुमराह,...

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं जसप्रीत बुमराह, फिटनेस को लेकर आया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर में होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज में बुमराह के खेलने की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि वह अपनी चोट से उबर चुके हैं और मैदान पर वापसी की तैयारी में जुटे हुए हैं। टीम मैनेजमेंट फिलहाल उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें सीधे टेस्ट सीरीज में उतारने की योजना बना रहा है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से 15 नवंबर तक खेली जानी है। इसके बाद 19 नवंबर से टेस्ट सीरीज शुरू होगी। ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट बुमराह को वनडे मुकाबलों में खिलाकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता।

टेस्ट सीरीज में वापसी की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स, के अनुसार जसप्रीत बुमराह को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है।लेकिन टीम मैनेजमेंट चाहता है कि वह पूरी तरह फिट होकर टेस्ट क्रिकेट में वापसी करें।

बुमराह ने पिछले साल नवंबर के बाद से कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेला है। लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट से दूर रहने के कारण उनकी वापसी को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि बुमराह ने अहमदाबाद में टेस्ट क्रिकेट के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है। वह अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी पहुंच सकते हैं, जहां उनकी फिटनेस और गेंदबाजी की तैयारियों का आकलन किया जाएगा।

इंडिया ए के लिए खेल सकते हैं मुकाबला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुमराह को सीधे अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच में उतारने से पहले इंडिया ए की ओर से खेलने का मौका दिया जा सकता है।

भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच 24 अक्टूबर से तीन अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने वाली है। इस सीरीज का तीसरा मुकाबला 7 से 10 नवंबर तक खेला जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि बुमराह इस मैच में हिस्सा लेकर अपनी मैच फिटनेस और गेंदबाजी की लय को परख सकते हैं। हालांकि इस संबंध में बीसीसीआई की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

चोट के कारण लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट से दूर

जसप्रीत बुमराह इस साल घुटने की चोट के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया था।

अब बुमराह की वापसी को लेकर चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट सावधानी बरत रहे हैं। लगातार वनडे और टेस्ट मुकाबले खेलने से उन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। यही वजह है कि उन्हें सीमित ओवरों की सीरीज से आराम देने पर विचार किया जा रहा है।

बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि फिलहाल बुमराह की रेड बॉल क्रिकेट में वापसी प्राथमिकता है। उन्हें पहले वनडे और उसके तुरंत बाद टेस्ट सीरीज में खिलाना उचित नहीं माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में फाइनल जंग: 17 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज के बीच होगा सीरीज का निर्णायक मुकाबला

ऑस्ट्रेलिया सीरीज पर भी टीम मैनेजमेंट की नजर

भारतीय टीम मैनेजमेंट केवल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज ही नहीं, बल्कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रस्तावित पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को भी ध्यान में रख रहा है।

बुमराह भारतीय टेस्ट गेंदबाजी आक्रमण के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं। उनकी तेज गेंदबाजी और मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की क्षमता टीम के लिए बेहद अहम है। ऐसे में चयनकर्ता चाहते हैं कि बुमराह पूरी तरह फिट रहें और बड़े मुकाबलों में टीम के लिए उपलब्ध हों।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

11 to 17 October 2026
4 October to 10 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन