मुंबई: मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल एक बार फिर अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में आपने एक इंटरव्यू में कॉमेडी के बदलते अंदाज और उसमें बढ़ती गाली-गलौज पर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उन्होंने कॉमेडियन समय रैना सहित कई नए कलाकारों पर सवाल उठाए? सुनील पाल का कहना है कि लोगों को हंसाने के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है। अच्छी कॉमेडी बिना गाली-गलौज के भी की जा सकती है।
इंटरव्यू में सुनील पाल ने अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कॉमेडी की दुनिया में पहचान बनाने के लिए उन्हें काफी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।
समय रैना और नए कॉमेडियन्स पर साधा निशाना
सुनील पाल से जब आजकल की कॉमेडी में बढ़ती गाली-गलौज को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कई कॉमेडियन लोगों को हंसाने के लिए गलत भाषा का सहारा ले रहे हैं। लेकिन हिंदी भाषा में इतने शब्द मौजूद हैं, जिनसे अच्छी कॉमेडी की जा सकती है, पर कुछ कलाकार आसान रास्ता अपनाकर लोकप्रिय होना चाहते हैं।
सुनील पाल ने समय रैना का नाम लेते हुए कहा कि यह समस्या केवल एक कॉमेडियन तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, कई नए कलाकार अपनी कॉमेडी की सीमाएं भूलते जा रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर भी सवाल उठाए? और कहा कि युवाओं के सामने किस तरह का कंटेंट पेश किया जा रहा है, इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
चाय बेची, रिक्शा चलाया और फुटपाथ पर बिताई रातें
सुनील पाल ने अपने करियर की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए बताया कि वह साल 1995 में महाराष्ट्र के चंद्रपुर से मुंबई आए थे। उस समय उनके पास न तो ज्यादा पैसे थे और न ही फिल्म इंडस्ट्री में कोई पहचान। आर्थिक परेशानियों के कारण उन्हें कई छोटे-मोटे काम करने पड़े। उन्होंने चाय की दुकान पर काम किया, अखबार बेचे और रिक्शा भी चलाया। कई बार ऐसी परिस्थितियां बनीं कि उन्हें फुटपाथ पर रात बितानी पड़ी।
‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्मों की तारीफ की
इंटरव्यू के दौरान सुनील पाल ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की जमकर तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 500 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है और आगे इसका कारोबार एक हजार करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि दर्शक अच्छी कहानी और पारिवारिक मनोरंजन को भी पसंद करते हैं। इसलिए फिल्म निर्माताओं को साफ-सुथरे कंटेंट पर ध्यान देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: राइज एंड फॉल 2 में बड़ा उलटफेर, निहारिका तिवारी बनीं अल्टीमेट रूलर, दो कंटेस्टेंट्स का सफर खत्म
कपिल शर्मा के शो को लेकर भी किया बड़ा दावा
सुनील पाल ने नेटफ्लिक्स के ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में अपनी मौजूदगी को लेकर भी बात की। इस एपिसोड में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया भी शामिल हुए थे। सुनील पाल ने दावा किया कि उनका एपिसोड शो के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले एपिसोड में शामिल रहा। उन्होंने यह भी कहा कि शो में कई बातें पहले से तय थीं और उन्हें इसका अंदाजा हो गया था।
उनके मुताबिक, निर्माताओं ने समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को ज्यादा चर्चा में रखने और दर्शकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से बुलाया था। हालांकि, यह सुनील पाल का दावा है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

