मुंबई: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में लगातार नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। शो के 20वें एपिसोड में एक तरफ सत्ता हासिल करने के लिए कंटेस्टेंट्स के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ, तो दूसरी तरफ दो खिलाड़ियों को शो से बाहर होना पड़ा। इस एपिसोड में निहारिका तिवारी ने अल्टीमेट रूलर का खिताब हासिल किया, जबकि सारा गुरपाल की किस्मत भी बदल गई। वहीं, शहजाद पूनावाला और इरिना रुडाकोवा के बीच हुई तीखी बहस ने घर का माहौल गरमा दिया।
निहारिका और स्वरा भास्कर के बीच हुआ कड़ा मुकाबला
एपिसोड की शुरुआत अल्टीमेट रूलर टास्क से हुई। इस टास्क में स्वरा भास्कर और निहारिका तिवारी आमने-सामने थीं। दोनों अपनी-अपनी टीम के सहारे जीत हासिल करने की कोशिश कर रही थीं। स्वरा भास्कर की ओर से मनीष कश्यप और उनकी टीम ने मुकाबले में हिस्सा लिया, जबकि निहारिका की तरफ से सारा गुरपाल और उनकी टीम मैदान में उतरी।
टास्क के दौरान दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन आखिरकार सारा गुरपाल की टीम ने बाजी मार ली। इस जीत के साथ निहारिका तिवारी इस हफ्ते की अल्टीमेट रूलर बन गईं।
सारा गुरपाल की बदली किस्मत, बेसमेंट से पहुंचीं पेंटहाउस
निहारिका तिवारी की जीत का सबसे बड़ा फायदा सारा गुरपाल को मिला। टास्क जीतने के बाद सारा का राइज हुआ और वह वर्कर्स की श्रेणी से निकलकर रूलर्स में शामिल हो गईं।
इसके साथ ही सारा गुरपाल को बेसमेंट छोड़कर पेंटहाउस में रहने का मौका मिल गया। दूसरी ओर स्वरा भास्कर की टीम को हार का सामना करना पड़ा और मनीष कश्यप को बेसमेंट में ही रहना पड़ा। इस बदलाव के बाद शो में रूलर्स और वर्कर्स के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
शहजाद पूनावाला और इरिना रुडाकोवा के बीच तीखी बहस
शो में उस समय विवाद बढ़ गया, जब इरिना रुडाकोवा ने शहजाद पूनावाला पर राजनीतिक धमकी देने का आरोप लगाया। इस आरोप से शहजाद काफी नाराज हो गए और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
शहजाद ने शो के निर्माताओं के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे आरोपों से उनकी सार्वजनिक छवि खराब हो सकती है।
मामला इतना बढ़ गया कि शहजाद ने शो छोड़ने का फैसला कर लिया और अपना सामान भी पैक कर लिया। हालांकि, निर्माताओं से बातचीत के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और शो में बने रहने का निर्णय लिया।
डबल एविक्शन से घर में मचा हड़कंप
एपिसोड का सबसे बड़ा मोड़ डबल एविक्शन के दौरान आया। सभी नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स को एक साथ बुलाया गया और दर्शकों के वोटों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए।
वोटिंग में प्रियंका चाहर चौधरी और गौतम गुलाटी सुरक्षित हो गए। वहीं, राज ग्रोवर, काजल राघवानी और कायरा अनु डेंजर जोन में पहुंच गए। इसके बाद इन तीनों की किस्मत का फैसला रूलर्स के हाथों में सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें: सोनीपत की फोम फैक्ट्री में भीषण आग, दो लोगों के कंकाल मिले, तीन गंभीर रूप से घायल
राज ग्रोवर और कायरा अनु हुए शो से बाहर
रूलर्स को डेंजर जोन में पहुंचे कंटेस्टेंट्स में से किसी एक को बचाने के लिए वोट देना था। इस दौरान राज ग्रोवर को किसी भी रूलर का समर्थन नहीं मिला, जिसके कारण उन्हें शो से बाहर होना पड़ा।
डबल एविक्शन और नए अल्टीमेट रूलर के चयन के बाद शो में समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। निहारिका तिवारी के हाथों में अब बड़ी जिम्मेदारी है, जबकि सारा गुरपाल का रूलर्स में पहुंचना आने वाले एपिसोड में नई रणनीतियों को जन्म दे सकता है।

