भोपाल: शारदीय नवरात्र में मैहर स्थित मां शारदा और उत्तर प्रदेश के विंध्याचल में मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने राहत दी है। नवरात्र मेले में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 20 जोड़ी ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का फैसला किया है। इनमें 14 जोड़ी ट्रेनें मैहर स्टेशन पर पांच मिनट और छह जोड़ी ट्रेनें विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट रुकेंगी। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, मैहर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था 11 से 22 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। वहीं, विंध्याचल स्टेशन पर 11 से 26 अक्टूबर तक यह सुविधा मिलेगी। निर्धारित अवधि में संबंधित ट्रेनों से यात्रा करने वाले श्रद्धालु इन स्टेशनों पर उतर और चढ़ सकेंगे।
मैहर में 14 जोड़ी ट्रेनों को पांच मिनट का स्टॉपेज
नवरात्र मेले के दौरान मैहर स्टेशन पर 14 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों को पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। इनमें लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।
मैहर में ठहराव पाने वाली ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस (11055/11056), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस (11059/11060), चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस (12669/12670), वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19051/19052) और कोल्हापुर-धनबाद एक्सप्रेस (11045/11046) शामिल हैं।
इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल एक्सप्रेस (15268/15267), पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस (11037/11038), पूर्णा-पटना एक्सप्रेस (17610/17609), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (22103/22104) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रांची एक्सप्रेस (18610/18609) को भी मैहर में ठहराव दिया गया है।
बांद्रा टर्मिनस-पटना एक्सप्रेस (22971/22972), पुणे-बनारस एक्सप्रेस (22131/22132), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15647/15648) और सूरत-छपरा एक्सप्रेस (19045/19046) भी इस सूची में शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों को 11 से 22 अक्टूबर तक निर्धारित अवधि में मैहर स्टेशन पर पांच मिनट का अस्थायी ठहराव मिलेगा।
यह भी पढ़ें: इंदौर में दशहरे पर रावण की जगह जलेगा ‘नशासुर’, युवाओं को नशे से बचाने के लिए अनोखी पहल
विंध्याचल में छह जोड़ी ट्रेनों का होगा स्टॉपेज
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विंध्याचल स्टेशन पर छह जोड़ी ट्रेनों को दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। यह व्यवस्था 11 से 26 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी।
इन ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (12141/12142), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15945/15946) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गुवाहाटी एक्सप्रेस (15647/15648) शामिल हैं।
इसके अलावा भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (12335/12336), एसएमवीटी बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस (12295/12296) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस (12167/12168) को भी विंध्याचल स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया गया है।
यात्रा से पहले ट्रेन का स्टॉपेज और समय जांचें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन के ठहराव, समय और परिचालन की नवीनतम जानकारी की पुष्टि कर लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा एनटीईएस, रेल मदद या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी ट्रेन के नंबर और निर्धारित ठहराव की जानकारी जांचने के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।

