श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में LoC के पास सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार सुबह हुई इस मुठभेड़ में अब तक दो आतंकी मारे गए हैं। यह मुठभेड़ केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में हुई। फिलहाल सुरक्षाबलों की ओर से इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। शुरुआत में इस घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
आज सुबह शुरू हुई मुठभेड़
एक सीनियर डिफेंस अधिकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे जुमागुंड इलाके में LoC के पास सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। जवानों ने संदिग्धों को चुनौती दी और उन्हें रोकने की कोशिश की। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद घटना से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
ये भी पढे़ं: भोपाल के न्यू मार्केट में 900 दुकानों के बीच सुलग रहीं भट्टियां, NOC नहीं; हादसे का खतरा
इस महीने आतंकियों से जुड़ी दो घटनाएं-
12 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के पास कृष्णा घाटी सेक्टर से जुड़े इलाके में धमाका हुआ। इसमें चार लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि वे भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल था।
12 अक्टूबर को ही पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सेना को बॉर्डर फेंस के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक बनाने के दौरान सुबह करीब 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे इनका पता चला। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।

