इंदौर: कनकेश्वरी गरबा पंडाल में 15 वर्षीय बच्ची को कथित तौर पर धक्का देने और दुर्व्यवहार का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले रहा है। घटना के कुछ घंटे बाद इसी पंडाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कन्या पूजन कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
वहीं, भाजपा ने वायरल वीडियो की जांच की बात कही है। हांलाकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर मंडल अध्यक्ष कमल सिंह चौहान को भाजपा कार्यालय तलब किया गया है। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पूरे घटनाक्रम पर संगठन की कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान नगर महामंत्री सुधीर कोले भी मौजूद रहे। अब इस मामले में संगठन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने भाजपा पर निशाना साधा
दरअसल पूरा मामला इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक दो के कनकेश्वरी गरबा आयोजन से जुड़ा है। सामने आए वीडियो और लगाए गए आरोपों के मुताबिक, गरबा आयोजन में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के दौरान 15 वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया। वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने भी घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ मुख्यमंत्री कन्या पूजन कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आ रहा है। कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से संबंधित मंडल अध्यक्ष को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: भोपाल स्टेशन पर घटेगा ट्रेनों का दबाव, रानी कमलापति में शुरू होगी पानी भरने की सुविधा
जांच के बाद कार्रवाई पर विचार किया जाएगा
इधर, विवाद के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कनकेश्वरी गरबा पंडाल पहुंचे, जहां उन्होंने कन्या पूजन किया। इसे लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
वहीं, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि वायरल वीडियो की परिस्थिति, वास्तविकता और उसके एआई से बनाए जाने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल, मामले में जांच और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

