बेंगलुरु: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी और सबसे अहम मुकाबला आज बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही बारिश ने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है। स्टेडियम में बारिश की वजह से शाम 6:30 बजे होने वाला टॉस टाइम पर नहीं हो पाया।
दोनों टीमों के बीच सीरीज अभी 2-2 से बराबर है। ऐसे में पांचवां मैच फाइनल जैसा है। जो जीतेगा, सीरीज उसी के नाम होगी। हालांकि बारिश की वजह से मैच कब शुरू होगा, इस पर अभी कुछ साफ नहीं है।
भारत का सात साल पुराना रिकॉर्ड दांव पर
भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला केवल सीरीज जीतने का मौका नहीं है, बल्कि घरेलू मैदान पर अपना शानदार रिकॉर्ड बचाने की चुनौती भी है। भारत ने साल 2019 के बाद से अपने घर में कोई टी20 द्विपक्षीय सीरीज नहीं गंवाई है।
दूसरी तरफ वेस्टइंडीज की टीम भी इतिहास बदलने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मेहमान टीम ने साल 2002 के बाद भारत में किसी भी फॉर्मेट की द्विपक्षीय सीरीज नहीं जीती है। ऐसे में वेस्टइंडीज के पास लंबे इंतजार को खत्म करने का बड़ा मौका है।
इस सीरीज में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। भारत ने लखनऊ में पहला मुकाबला जीता था, जबकि रांची में वेस्टइंडीज ने वापसी की। इसके बाद इंदौर में भारत ने तीसरा मैच अपने नाम किया, लेकिन हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज बराबर कर दी।
वैभव सूर्यवंशी को फिर करना पड़ सकता है इंतजार
टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के खेलने को लेकर भी चर्चा तेज है। महज 15 साल के वैभव को सीरीज के पहले चार मैचों में प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर में पहले से ही अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन हैं। ऐसे में आखिरी और निर्णायक मैच में टीम इंडिया अपने ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव करने से बचेगी, इसकी पूरी संभावना है।
वहीं तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फिटनेस पर भी सवाल हैं? उनकी जगह अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को मौका मिल सकता है। फाइनल फैसला टॉस के बाद प्लेइंग इलेवन के ऐलान के साथ ही पता चलेगा।
बारिश बढ़ा सकती है दोनों टीमों की परेशानी
बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए जन्नत माना जाता है। यहां अक्सर बड़े स्कोर बनते हैं। लेकिन बारिश की वजह से मैदान की कंडीशन और मैच के ओवरों पर असर पड़ सकता है। अगर बारिश देर तक होती रही तो मैच के ओवर घटाए जा सकते हैं। ऐसी सिचुएशन में दोनों टीमों को अपनी प्लानिंग बदलनी पड़ेगी।
भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने बैटिंग और बॉलिंग में सही बैलेंस बनाने की चुनौती होगी, वहीं वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु में आज भारत-वेस्टइंडीज का टी-20 मैच, वैभव सूर्यवंशी पर नजर
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह या भुवनेश्वर कुमार।
वेस्टइंडीज की संभावित प्लेइंग इलेवन: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, शिमरोन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज, शमार स्प्रिंगर, केमो पॉल, शमार जोसेफ और गुडाकेश मोती।
फिलहाल दोनों टीमों के खिलाड़ी और फैंस बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि मौसम कब खुलता है और क्या फैंस को पूरे 20-20 ओवर का मैच देखने को मिलता है।

