Saturday, October 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल के युवक के 10 लाख उड़ाने वाला पकड़ाया, जीआरपी ने 200...

भोपाल के युवक के 10 लाख उड़ाने वाला पकड़ाया, जीआरपी ने 200 कैमरे चेक कर दबोचा

विदिशा: मध्यप्रदेश के विदिशा में मेमू ट्रेन से यात्री के 10 लाख रुपए चोरी होने के मामले में जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शिवपुरी जिले से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शत्रु उर्फ दीपक ओझा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की रकम में से 9 लाख 43 हजार रुपए नकद और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जांच के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी।

बीना से भोपाल जाते समय चोरी हुआ था बैग

जानकारी के मुताबिक, भोपाल के रहने वाले अमित शर्मा एक प्लाईवुड की दुकान पर काम करते हैं। 6 अक्टूबर को वो बीना से एक व्यापारी से 10 लाख रुपये का कैश पेमेंट लेकर मेमू ट्रेन से भोपाल लौट रहे थे। सफर के दौरान जब ट्रेन गंजबासौदा पहुंची, तो अमित शर्मा को पता चला कि उनका बैग गायब है। बैग में पूरे 10 लाख रुपये कैश रखे थे। काफी ढूंढने के बाद भी बैग नहीं मिला।

इसके बाद अमित शर्मा ने विदिशा जीआरपी थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। इतनी बड़ी रकम चोरी होने की बात सामने आने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

200 से ज्यादा कैमरों के फुटेज खंगाले

चोरी की शिकायत मिलते ही विदिशा GRP ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 200 से ज्यादा कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने के बाद पुलिस को आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले। इसी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच करते-करते पुलिस शिवपुरी जिले के कोलारस थाना एरिया तक पहुंची। फिर ग्राम सुनाज से शत्रु उर्फ दीपक ओझा को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह भी पढ़ें: नल-जल योजना पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा: आरोप- 3200 करोड़ की परियोजनाओं में 500 करोड़ के काम

9.43 लाख रुपए और मोबाइल बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 9 लाख 43 हजार रुपये कैश बरामद कर लिए गए हैं। साथ ही चोरी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। हालांकि, पूरी रकम अभी तक नहीं मिली है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

विदिशा जीआरपी थाना प्रभारी वीर बहादुर परिहार ने बताया कि CCTV फुटेज चेक करने और लगातार कोशिशों के बाद आरोपी को पकड़ने में कामयाबी मिली है। इस घटना ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के सामान और कैश की सेफ्टी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर जो लोग बड़ी रकम लेकर सफर करते हैं, उन्हें ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

11 to 17 October 2026
4 October to 10 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन