वॉशिंगटन: दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने अमेरिका के बच्चों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। मस्क ने X पर पोस्ट करके कहा कि अगले साल वो अमेरिका के हर बच्चे को अपनी कंपनी SpaceX का एक-एक शेयर देना चाहते हैं। उनके इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
अगर ऐसा होता है तो अमेरिका के करोड़ों बच्चे सीधे SpaceX जैसी बड़ी कंपनी के शेयरहोल्डर बन जाएंगे। हालांकि अभी तक इसे लेकर कोई ऑफिशियल प्रोसेस सामने नहीं आई है।
हर बच्चे को एक शेयर देने की तैयारी
मस्क ने अपनी पोस्ट में कहा कि वो 2027 में अमेरिका के हर बच्चे को अपनी हिस्सेदारी में से SpaceX का एक-एक शेयर देंगे। उन्होंने ये भी कहा कि आगे चलकर बच्चों को और भी शेयर दिए जा सकते हैं।
अभी ये साफ नहीं है कि शेयर कैसे बांटे जाएंगे और इसके लिए कौन से बच्चे पात्र होंगे। ये भी नहीं बताया गया कि शेयर सीधे बच्चों के नाम होंगे या उनके पैरेंट्स के जरिए दिए जाएंगे।
करीब 7.2 करोड़ बच्चों को मिल सकता है फायदा
अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या लगभग 7.2 करोड़ बताई जाती है। ऐसे में यदि मस्क अपनी योजना को पूरा करते हैं तो इतने बड़े स्तर पर शेयर बांटने की यह एक अनोखी पहल हो सकती है।
इस योजना का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी देने से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि एक शेयर की वास्तविक कीमत कितनी होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
क्या करती है एलन मस्क की SpaceX कंपनी?
मस्क ने 2002 में SpaceX की शुरुआत की थी। कंपनी रॉकेट लॉन्च करने, सैटेलाइट भेजने और स्पेस मिशन पर काम करती है। इसके अलावा इसकी Starlink सर्विस के जरिए कई देशों में सैटेलाइट इंटरनेट भी दिया जा रहा है।
SpaceX दुनिया की बड़ी प्राइवेट स्पेस कंपनियों में से एक है। इसमें मस्क का बड़ा हिस्सा है और कंपनी के बड़े फैसलों में उनकी अहम भूमिका रहती है।
यह भी पढ़ें: महानवमी पर वरुण धवन के घर गूंजी कन्याओं की किलकारी, छोटी बच्चियों के साथ किया पूजन, तस्वीर ने जीता फैंस का दिल
एंथ्रोपिक के फैसले के बाद आया बयान
मस्क का ये बयान AI कंपनी Anthropic के एक ऐलान के बाद आया है। Anthropic ने कहा था कि वो अपने कुछ शेयर पब्लिक हित के कामों में लगाएगी।
इस पर मस्क ने कहा कि शेयर किसी संस्था या फंड को देने के बजाय सीधे लोगों तक पहुंचने चाहिए। इसी बहस के बीच उन्होंने अमेरिकी बच्चों को SpaceX के शेयर देने का प्लान सामने रखा।

