मुंबई: देशभर में शारदीय नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। महानवमी के अवसर पर मंदिरों और घरों में माता दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। इस खास मौके पर बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन भी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने अपने घर पर छोटी बच्चियों को आमंत्रित कर कन्या पूजन किया और नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। अभिनेता ने इस खूबसूरत पल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसे उनके प्रशंसक काफी पसंद कर रहे हैं।
छोटी बच्चियों के बीच मुस्कुराते नजर आए वरुण धवन
वरुण धवन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कन्या पूजन की एक तस्वीर साझा की है। तस्वीर में अभिनेता कई छोटी बच्चियों से घिरे हुए दिखाई दे रहे हैं। सभी बच्चियां उनके आसपास खड़ी हैं और वरुण उनके साथ खुशी के पल बिताते नजर आ रहे हैं।
तस्वीर में एक छोटी बच्ची पीछे से वरुण को गले लगाती दिखाई दे रही है। वहीं अभिनेता के हाथ में एक कागज भी नजर आ रहा है, जिस पर अंग्रेजी में ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखा हुआ है।
इस तस्वीर के साथ वरुण ने अपने प्रशंसकों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अभिनेता का यह पारिवारिक और धार्मिक अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
आगामी हॉरर फिल्म को लेकर भी चर्चा
वरुण धवन इस साल ‘बॉर्डर 2’ और अपने पिता डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आ चुके हैं। हालांकि उनकी दूसरी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।
अब अभिनेता यशराज फिल्म्स की एक आगामी हॉरर फिल्म को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का नाम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं।

