Wednesday, October 21, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsSCO बैठक में पाकिस्तान को भारत का कड़ा संदेश, राजनाथ सिंह बोले-...

SCO बैठक में पाकिस्तान को भारत का कड़ा संदेश, राजनाथ सिंह बोले- आतंकवाद पर दोहरा मापदंड स्वीकार नहीं

दुशान्बे: ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में भारत ने आतंकवाद के मुद्दे पर एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की मौजूदगी में कहा कि आतंकवाद को किसी भी परिस्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता। इससे निपटने के लिए सभी देशों को एक समान नीति अपनानी होगी। आतंकवाद के मामले में दोहरा मापदंड किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इशाक डार के सामने आतंकवाद पर सख्त बयान

SCO बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद सिर्फ एक देश की नहीं, पूरी दुनिया की समस्या है। इससे बेगुनाहों की जान जाती है और देशों की तरक्की पर भी असर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद की वजह से व्यापार, निवेश और विकास रुक जाता है और सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को होता है, जो कट्टरपंथ की ओर धकेले जाते हैं।

इस दौरान पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार भी वहीं मौजूद थे और दोनों एक ही टेबल पर बैठे थे, इसलिए राजनाथ के इस बयान को पाकिस्तान के लिए सीधा और कड़ा संदेश माना जा रहा है।

आतंकियों को आर्थिक मदद और पनाह देने वालों पर सवाल

राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जो लोग या संगठन आतंकवादियों को आर्थिक सहायता देते हैं, उन्हें हथियार उपलब्ध कराते हैं या सुरक्षित ठिकाने मुहैया कराते हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद को अच्छे और बुरे आतंकवाद के रूप में नहीं देखा जा सकता। सभी देशों को इसके खिलाफ मिलकर काम करना होगा। किसी भी देश को अपने राजनीतिक हितों के लिए आतंकवाद के प्रति अलग-अलग रवैया नहीं अपनाना चाहिए।

पहलगाम हमले के बाद और सख्त हुआ भारत का रुख

अप्रैल 2025 में पहलगाम में आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले इलाकों में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी।

पीएम मोदी भी कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर घेर चुके हैं और कह चुके हैं कि आतंक को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ पूरी दुनिया को एक साथ आना होगा।

यह भी पढ़ें: इमरान मसूद के बयान से यूपी में सियासी हलचल- ‘जान दे दूंगा, लेकिन वंदे मातरम नहीं गाऊंगा’

SCO देशों से मिलकर कार्रवाई करने की अपील

SCO बैठक में राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद को जड़ से खत्म करना जरूरी है, इसके लिए सभी सदस्य देशों को एकजुट होना होगा। तभी इलाके में शांति आएगी और विकास हो पाएगा।

भारत ने दुशान्बे में साफ कर दिया है कि आतंकवाद के मामले में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और हर देश को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

18 to 24 October 2026
11 to 17 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन