भोपाल: मां दुर्गा के पंडाल के सामने अश्लील गानों पर डांस करने का आरोप लगा है। जय मां भवानी हिंदू संगठन ने इसका विरोध किया है। संगठन के अध्यक्ष भानु हिंदू ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा खराब हो रही है।
उन्होंने कहा कि भोपाल में कई सालों से धार्मिक आयोजनों में ऐसी गतिविधियां देखी जा रही हैं। शिवरात्रि और भुजरिया के बाद अब दुर्गा पंडालों के सामने भी ऐसा हो रहा है। वायरल वीडियो में किन्नर समुदाय के कुछ लोग आपत्तिजनक गानों पर डांस करते दिख रहे हैं।
गुरुओं से की समझाइश की अपील
भानु हिंदू ने किन्नर समुदाय के गुरुओं से अपील की कि वे अपने लोगों को धार्मिक आयोजनों में इस तरह के डांस से रोकें। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी गतिविधियां सनातन धर्म के आयोजनों में ही क्यों होती हैं।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, 9898 पदों पर भर्ती
आयोजन समिति पर भी सवाल?
उन्होंने आयोजन समिति पर भी नाराजगी जताई और कहा कि समिति के लोग भी वहीं खड़े होकर डांस देख रहे थे। धार्मिक आयोजनों में परिवार और बच्चे आते हैं, इसलिए आयोजकों को गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे ऐसी घटना हुई तो संगठन विरोध करेगा और वीडियो में दिख रहे लोगों के सामाजिक बहिष्कार की अपील भी की।
फिलहाल वीडियो किस जगह का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है और आयोजन समिति या वीडियो में दिख रहे लोगों का पक्ष सामने नहीं आया है।

