उज्जैन: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का बुधवार को दूसरा दिन है। हाथ में डंडा लेकर चल रहे दिग्विजय ने चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा- चंदा चोरों को पकड़ो, जेल भेजो, बचाओ मत। वोट चोरी बंद करो। EVM हमें नहीं चाहिए। हमें बैलेट पेपर से चुनाव चाहिए।
यात्रा लगभग 70 दिन में अयोध्या स्थित राम मंदिर पहुंचेगी
करीब 950 किलोमीटर लंबी यह यात्रा लगभग 70 दिन में अयोध्या स्थित राम मंदिर पहुंचेगी। दूसरे दिन यात्रा पिंगलेश्वर जोड़, नहारिया जोड़, सायराखेड़ी और देवनखेड़ी होते हुए ताजपुर जोड़ पहुंचने के कार्यक्रम के अनुसार थी। यहां भोजन और विश्राम के बाद यात्रा आगे बढ़नी थी। शाम को देवास जिले के सिंदूरिया गांव में पड़ाव प्रस्तावित था।
ये भी पढ़ें: 4 महीने बाद भेड़ाघाट में लौटी रौनक, नर्मदा का जलस्तर घटते ही बोटिंग शुरू; पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही
हर्षानंद गिरि की टिप्पणी पर कसा तंज
दिग्विजय सिंह ने यात्रा को शिव धाम से राम धाम तक की यात्रा बताया। उन्होंने समर्थकों के साथ बम-बम भोले का उद्घोष किया, जिस पर समर्थकों ने जय सियाराम कहा। दिग्विजय ने कहा कि सनातनी परंपरा कभी सीता जी का अपमान नहीं करती।
यात्रा पर मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरि ने टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि राम मंदिर बनने के समय वैसा उत्साह नहीं दिखा, जैसा अब मंदिर के चंदे पर सवाल उठाने में दिखाई दे रहा है।
इस पर प्रतिक्रिया पूछने पर दिग्विजय सिंह ने कहा- उनको छोड़ दीजिए। मैं जानता भी नहीं उनको।

