मुंबई: उत्तराखंड में दलेर मेहंदी के साथ हुए विवाद के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने उनका समर्थन किया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर दलेर मेहंदी को फटकार लगाई थी। मंत्री ने गायक पर शराब पीने के आरोप लगाया था।
इस पर राजपाल ने वीडियो शेयर कर मंत्री के आचरण पर आपत्ति जताई है। राजपाल ने कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते और वे इन दिनों स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे दिग्गज अभिनेता
वहीं दलेर मेहंदी के समर्थन में अनुपम खेर, कपिल शर्मा, बादशाह, मीका सिंह, शान और जैस्मीन भसीन सहित कई हस्तियों ने सार्वजनिक मंच पर किसी कलाकार को नीचा दिखाने की निंदा की है।
राजपाल ने मंत्री का बयान पद की गरिमा के खिलाफ बताया
राजपाल यादव ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में कहा कि एक कला प्रेमी और छात्र होने के नाते वे अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक सम्मानित मंत्री ने मंच पर दलेर मेहंदी जैसे दिग्गज गायक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, वह उनके पद को शोभा नहीं देता।
राजपाल ने कहा कि मंत्री का रवैया ऐसा लगा जैसे उन्होंने कला को ही खरीद लिया हो, जबकि कला को कभी खरीदा नहीं जा सकता। उन्होंने साफ किया कि दलेर पाजी शराब का सेवन नहीं करते हैं और हाल ही में फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग के दौरान भी वे अस्वस्थ चल रहे थे।
ये भी पढे़ं: बॉक्स ऑफिस पर ‘जेलर 2’ का धमाका, 6 दिन में 541 करोड़ रुपये कमाए; ‘नई नवेली’ और ‘प्रहार’ की कमाई भी बढ़ी
जैस्मीन भसीन बोलीं- पब्लिक में बेइज्जत करना गलत
रियलिटी शो स्टार और अभिनेत्री जैस्मीन भसीन ने भी दलेर मेहंदी का बचाव करते हुए सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। जैस्मीन ने लिखा कि अगर किसी आयोजक या प्रमोटर को कलाकार से कोई परेशानी थी, तो उसे निजी तौर पर बात करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि कैमरे और मंच के सामने किसी कलाकार का अपमान करने का हक किसी को नहीं है, क्योंकि मंच कलाकार के लिए पवित्र स्थान होता है। बिना असली वजह जाने किसी पर शराब पीने का आरोप लगाना शर्मनाक है।

