उज्जैन: जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब मारपीट के आरोपी को तलाशने पहुंची पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया गया। इस दौरान एसआई धारा सिंह चावड़ा के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी गई।घटना में एसआई सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पूछताछ के लिए दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है।
थाने नहीं पहुंच रहा था आरोपी
मामला ग्राम नागझिरी निवासी कंचनबाई पिता भावसिंह बंजारा की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने आठ दिन पहले पड़ोसी सरदार सिंह के खिलाफ उन्हेल थाने में मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में सरदार पिता गब्बर बंजारा को पूछताछ और शिकायत के निराकरण के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह आठ दिन तक थाने नहीं पहुंचा।
इसके बाद बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे एसआई धारा सिंह चावड़ा पुलिस टीम के साथ शासकीय वाहन से नागझिरी पहुंचे। टीम में आरक्षक अखिलेश यादव, पंकज खरते, विक्रम राघव और महिला आरक्षक नेहा भालसे शामिल थीं। पुलिसकर्मी आरोपी की तलाश में उसके खेत पर बने मकान पर पहुंचे थे।
लाठी-पत्थरों से किया हमला, एसआई की वर्दी फाड़ी
थाना प्रभारी संतोष चौहान के अनुसार, पुराने प्रकरण में आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी के परिवार के लोगों ने कथित तौर पर लाठियों और पत्थरों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में एसआई धारा सिंह चावड़ा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। एसआई के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई।
पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया
घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पूछताछ के लिए दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद गांव में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला।

