Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsचीन से सीमा पर टकराव को लेकर सियासत तेज, ITBP डीजी के...

चीन से सीमा पर टकराव को लेकर सियासत तेज, ITBP डीजी के बयान पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब

नई दिल्ली: भारत और चीन के बीच सीमा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के एक बयान के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं? कपूर ने अरुणाचल प्रदेश में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच टकराव की स्थिति बनने की बात कही है। इसके बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार से सीमा की मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

ITBP डीजी के बयान पर कांग्रेस ने उठाए सवाल?

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ITBP महानिदेशक के बयान का हवाला देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में चीनी सैनिकों के साथ टकराव की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने सीमा पर तैनात भारतीय जवानों के काम की सराहना की, लेकिन केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए?

रमेश ने दावा किया कि अरुणाचल प्रदेश के ताकसिंग इलाके में टकराव के बाद पिछले महीने वाचा और दमाई में दोनों देशों के बीच कोर कमांडर स्तर की बातचीत हुई थी। उन्होंने स्थानीय लोगों के हवाले से कुछ गश्ती क्षेत्रों तक भारतीय पहुंच प्रभावित होने की आशंका भी जताई।

कांग्रेस ने चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के स्थानों के नाम बदलने और बड़े बांध के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। पार्टी का कहना है कि इससे भारत की जल सुरक्षा और पर्यावरण पर असर पड़ सकता है।

चीन से बढ़ते व्यापार घाटे पर भी घिरी सरकार

जयराम रमेश ने सीमा विवाद के साथ चीन पर भारत की आर्थिक निर्भरता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि वित्त वर्ष 2025-26 में चीन के साथ भारत का व्यापार घाटा बढ़कर 112 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह 99 अरब डॉलर था।

उन्होंने आरोप लगाया कि चीन से लगातार बढ़ते आयात का असर देश के छोटे और मध्यम उद्योगों पर पड़ रहा है। इसी मुद्दे पर उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ योजना पर भी सवाल खड़े किए।

कांग्रेस नेता ने जून 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस समय दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीमा पर स्थिति को लेकर देश को स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: इंदौर में आज से दो दिवसीय सेमीकंडक्टर समिट, ₹6,200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर रहेगी नजर

राष्ट्रीय सुरक्षा पर सरकार से जवाब की मांग

जयराम रमेश ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन से कथित सैन्य सहयोग मिलने के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने इस संबंध में सैन्य अधिकारियों के अलग-अलग बयानों का उल्लेख करते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

कांग्रेस का सवाल है कि जब सीमा पर चीन के साथ तनाव की स्थिति बनी हुई है, तो उसके साथ आर्थिक निर्भरता लगातार क्यों बढ़ रही है। पार्टी ने केंद्र सरकार से सीमा सुरक्षा, व्यापार नीति और चीन के साथ संबंधों को लेकर जवाब मांगा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन