Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsधार में 20 हजार की रिश्वत मांगने वाला लाइनमैन गिरफ्तार, 4 हजार...

धार में 20 हजार की रिश्वत मांगने वाला लाइनमैन गिरफ्तार, 4 हजार लेते पकड़ा

धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में बिजली कनेक्शन स्थायी कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने बिजली कंपनी के एक लाइनमैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से 20 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायत के मुताबिक, वह 15 हजार रुपये पहले ही नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूल चुका था। शुक्रवार को बदनावर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में 4 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

तीन महीने पहले मांगी थी रिश्वत

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, बदनावर तहसील के ग्राम बालोदा माझी निवासी किसान राजेश दास (38) अपने पिता के नाम दर्ज अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बदनावर ग्रामीण कार्यालय में पदस्थ लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन (35) को आवेदन और जरूरी दस्तावेज सौंपे थे।

आरोप है कि करीब तीन महीने पहले कनेक्शन स्थायी कराने के बदले लाइनमैन ने किसान से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान का आरोप है कि आरोपी अब तक 10 हजार रुपये नकद और 5 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से ले चुका था। शेष रकम के लिए वह लगातार दबाव बना रहा था।

शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान होकर किसान ने 22 अक्टूबर को इंदौर स्थित लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर मामले का गोपनीय सत्यापन कराया गया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

शुक्रवार, 23 अक्टूबर को लोकायुक्त निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने किसान को शेष रकम देने के लिए बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचने को कहा और आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।

यह भी पढ़ें: अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई में हड़कंप

चार हजार रुपये लेते ही पकड़ा

योजनानुसार, किसान राजेश दास ने जैसे ही बदनावर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में लाइनमैन सौरभ कुमार जैन को 4 हजार रुपये दिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक सचिन पटेरिया के साथ प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा और आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, सतीश यादव तथा कृष्ण अहिरवार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन