लखनऊ: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन सभी 403 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उनसे गठबंधन को लेकर सवाल किया गया था तो जवाब में उन्होंने कहा, सब हो जाएगा।
क्या राज्य में सचमुच माफिया राज खत्म हो गया है?
राज्य में कई जगहों पर समाजवादी पार्टी के विरोध में पोस्टर लगाए जाने के सवाल पर मसूद ने माफिया राज का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी दावा करती है कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म हो गया है। फिर सवाल उठता है कि माफिया केवल एक ही जाति से कैसे जुड़े हो सकते हैं। मसूद ने कहा कि माफिया को किसी एक जाति तक सीमित बताना ठीक नहीं है। उन्होंने बीजेपी के दावे पर सवाल करते हुए पूछा कि क्या राज्य में सचमुच माफिया राज खत्म हो गया है।
इंद्रेश कुमार के बयान पर दी प्रतिक्रिया
आरएसएस के वरिष्ठ सदस्य इंद्रेश कुमार के कांग्रेस को लेकर दिए बयान पर भी मसूद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इतिहास से अनजान नहीं है और कई बातें ऐतिहासिक दस्तावेजों में दर्ज हैं। मसूद ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल में फजलुल हक की सरकार में वित्त मंत्री थे। उन्होंने सिंध में भगवान दास की सरकार को मुस्लिम लीग के समर्थन का भी जिक्र किया। साथ ही कहा कि फ्रंटियर की सरकार को मुस्लिम लीग के साथ मिलकर गिराया गया था।
ये भी पढ़ें: आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव बोले- फर्जी मुकदमों में इतनी ताकत नहीं है कि वो सच को कैद कर सके
आजाद हिंद फौज का भी किया जिक्र
मसूद ने आजाद हिंद फौज में भर्ती के समय अंग्रेजों के पक्ष में खड़े होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के साथ लगातार नजदीकी रखने वाले लोग आज कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं।

