Saturday, October 24, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsउज्जैन में आसाराम के सीने में तेज दर्द, पंचकर्म के तीसरे दिन...

उज्जैन में आसाराम के सीने में तेज दर्द, पंचकर्म के तीसरे दिन बिगड़ी तबीयत

उज्जैन: नाबालिग से यौन शोषण के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम की उज्जैन में तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार को उनके सीने में तेज दर्द उठा। वह पैरोल पर मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में ठहरे हैं, जहां डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं। आसाराम बुधवार को उज्जैन पहुंचे थे और दो दिन तक धनवंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पंचकर्म कराया था। शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के कारण वह उपचार के लिए चिकित्सालय नहीं जा सके।

आसाराम की तबीयत खराब होने की खबर फैलते ही आश्रम में समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। फिलहाल सीने में दर्द की वजह और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

दो दिन कराया पंचकर्म, तीसरे दिन उठा दर्द

आसाराम लंबे समय से कमर और सिरदर्द की समस्या से परेशान हैं। इसी के उपचार के लिए वह समय-समय पर पैरोल लेकर उज्जैन आते रहे हैं। बुधवार को उज्जैन पहुंचने के बाद उन्होंने धनवंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पंचकर्म कराया। गुरुवार को भी वह उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचे थे, जहां करीब एक से डेढ़ घंटे तक रुके।

चिकित्सालय में पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि आसाराम को लंबे समय से कमर और सिर में दर्द की शिकायत है। इसी के चलते वह पंचकर्म उपचार करवाने आते हैं। डॉक्टर ने उन्हें 14 दिन तक पंचकर्म कराने की सलाह दी है।

हालांकि, शुक्रवार को आसाराम के सीने में तेज दर्द उठने की सूचना पर चिकित्सालय की ओर से तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई थी। आश्रम में मौजूद डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं।

25 अक्टूबर तक उज्जैन में रहने का कार्यक्रम

आसाराम पैरोल पर उज्जैन आए हैं। उनका 25 अक्टूबर, शरद पूर्णिमा तक यहां रहने का कार्यक्रम बताया गया है। इससे पहले भी वह मार्च 2025 में उपचार के लिए उज्जैन पहुंचे थे। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उन्हें समय-समय पर पैरोल मिलती रही है।

यह भी पढ़ें: SBI में 3,897 ग्राहकों का डेटा लीक, डार्क वेब पर मिली जानकारी; बैंक ने कहा- खाते में पैसा सुरक्षित

दो मामलों में उम्रकैद की सजा

आसाराम को वर्ष 2013 में गिरफ्तारी के बाद नाबालिग से यौन शोषण समेत दो मामलों में दोषी ठहराया गया था। जोधपुर की अदालत और गुजरात के गांधीनगर की अदालत ने उन्हें अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह वर्तमान में जोधपुर जेल में सजा काट रहे हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

18 to 24 October 2026
11 to 17 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन