‘उड़ता तीर’ ने पहले दिन कमाए 4.10 करोड़
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ से काफी उम्मीदें थीं। प्रचार के बावजूद फिल्म की शुरुआत अपेक्षाकृत धीमी रही। फिल्म ने पहले दिन 4.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिलहाल यही इसका कुल घरेलू कलेक्शन है।
‘तू है मेरी किरण’ की कमजोर शुरुआत
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ भी 23 अक्टूबर को रिलीज हुई। लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौटीं सोनाक्षी की इस फिल्म को पहले दिन खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, फिल्म ने करीब 25 से 50 लाख रुपये की कमाई की।
‘तुम मेरे हो’ और ‘पहला प्यार दूसरी बार’ भी पीछे
गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय अभिनीत रोमांटिक ड्रामा ‘तुम मेरे हो’ का निर्देशन आशीष पांडा ने किया है। फिल्म ने पहले दिन करीब 18 लाख रुपये कमाए।
वहीं, अनुज सैनी के निर्देशन में बनी ‘पहला प्यार दूसरी बार’ भी दर्शकों को आकर्षित करने में खास सफल नहीं रही। स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा और अन्य कलाकारों की इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 50 लाख रुपये का कारोबार किया।
‘जेलर 2’ ने शुक्रवार को कमाए 14.50 करोड़
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाली फिल्मों में शामिल है। फिल्म ने शुक्रवार को 14.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही इसका घरेलू कुल कलेक्शन 348.85 करोड़ रुपये और दुनियाभर की कमाई 628.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
‘नई नवेली’ और ‘प्रहार’ की कमाई लाखों में
यामी गौतम की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ की कमाई में गिरावट जारी है। फिल्म ने शुक्रवार को करीब 60 लाख रुपये कमाए। इसका कुल घरेलू कलेक्शन 22.75 करोड़ रुपये हो गया है।
राजकुमार राव, वामिका गब्बी और जयदीप अहलावत की फिल्म ‘प्रहार’ भी रिलीज के आठवें दिन कमजोर पड़ती नजर आई। फिल्म ने शुक्रवार को 60 लाख रुपये कमाए, जबकि इसका कुल कलेक्शन 17.75 करोड़ रुपये बताया गया है।
‘दृश्यम 3’ की कमाई जारी
अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ रिलीज के 22 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर कारोबार कर रही है। फिल्म ने शुक्रवार को खबर लिखे जाने तक 1.40 करोड़ रुपये कमाए। इसका कुल घरेलू कलेक्शन 363.25 करोड़ रुपये और दुनियाभर का कारोबार 564.95 करोड़ रुपये हो गया है।