बालाघाट: जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर को लांजी वृत्त के ग्राम मोहझिरी के जंगल में छापेमार कार्रवाई कर लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन और 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 81 हजार 500 रुपये बताई गई है।
कलेक्टर के निर्देशन में हुई कार्रवाई
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम ने मोहझिरी के जंगल में नदी-नालों के आसपास अलग-अलग स्थानों पर आकस्मिक छापेमारी की।
इस दौरान प्लास्टिक ड्रमों और बोरियों में भरकर रखा गया लगभग 800 किलो महुआ लाहन तथा 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
यह भी पढ़ें: कटंगी में आवारा मवेशियों पर कार्रवाई, 7 मवेशी पकड़कर कांजी हाउस भेजे गए
2 प्रकरण दर्ज, लाहन मौके पर नष्ट
विभाग की टीम ने बरामद सामग्री जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध किए। बरामद महुआ लाहन के नमूने लेने के बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी कौस्तुभ नेताम, आरक्षक राहुल महोबिया एवं आरक्षक कपिल टांडेकर शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

