बालाघाट: कटंगी नगर में आवारा मवेशियों से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका ने विशेष अभियान चलाया। एसडीएम श्री विजय सिंह यादव के निर्देश पर शनिवार और रविवार को काऊ-कैचर की मदद से 7 आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया।
नागरिकों की शिकायत पर लिया एक्शन
एसडीएम श्री यादव को भ्रमण के दौरान और नागरिकों से शिकायतें मिली थीं कि कटंगी की मुख्य सड़क सहित विभिन्न वार्डों में आवारा मवेशी घूमते रहते हैं। इससे सड़क हादसों का खतरा बना रहता है और मवेशियों के आपस में लड़ने से आवागमन में भी परेशानी होती है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्री यादव ने नगर पालिका सीएमओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका टीम ने अभियान चलाकर 7 मवेशियों को पकड़ा। उल्लेखनीय है कि लगभग 15 दिन पहले भी एसडीएम के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा गया था।
यह भी पढ़ें: शहडोल में 4 हजार लोगों को रोजगार, हाथियों से प्रभावित परिवारों को मिलेंगे पक्के मकान
सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश
एसडीएम श्री यादव ने सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि नगर में आवारा मवेशियों की समस्या के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुबह और शाम सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और शहर में कहीं भी गंदगी न रहने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।

