मुरैना: जिले में स्कूली वाहनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह वैरियर चौराहे पर मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान 40 से अधिक स्कूली बसों और अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान अलग-अलग कमियां मिलने पर 50 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की गई
जानकारी के अनुसार, सीजेएम एके सिंह के नेतृत्व में वैरियर चौराहे पर चेकिंग पॉइंट लगाया गया। यहां से गुजरने वाले स्कूली वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के पालन की पड़ताल की।
कमियां मिलने पर जुर्माना वसूला
जांच के दौरान स्कूली वाहनों के तय रंग, फिटनेस और क्षमता के अनुसार बच्चों को बैठाने जैसे मानकों को परखा गया। अलग-अलग कमियां मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और जुर्माना वसूला गया।
ये भी पढ़ें: एक शिक्षक के भरोसे चल रहा प्राथमिक स्कूल, बच्चों का भविष्य दांव पर
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
चेकिंग के दौरान सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान, ट्रैफिक थाना प्रभारी संतोष भदौरिया और सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। जांच में पकड़े गए वाहनों को रेस्ट हाउस परिसर में रखवाया जा रहा था।

