भोपाल: एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस के विरोध के बीच भाजपा मध्य प्रदेश में तीन शहरों में पदयात्राएं निकालकर अपना पक्ष रखेगी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत 30 अक्टूबर को इंदौर, 2 नवंबर को जबलपुर और 4 नवंबर को भोपाल में कार्यक्रम होंगे। इनमें केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शामिल करने की तैयारी है। भाजपा इन आयोजनों के जरिए मतदाता सूची की शुद्धता के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी।
इंदौर में मांडविया होंगे मुख्य वक्ता
अभियान की शुरुआत 30 अक्टूबर को इंदौर से होगी। यहां सुभाष नगर से पाटनीपुरा चौराहे तक पदयात्रा प्रस्तावित है। इसमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य वक्ता होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे।
जबलपुर में शाह या नितिन नवीन को बुलाने की तैयारी
जबलपुर में 2 नवंबर को पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को आमंत्रित करने की तैयारी है। हालांकि, इनमें से किस नेता का कार्यक्रम तय होगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भोपाल में राजनाथ सिंह के आने की संभावना
राजधानी भोपाल में 4 नवंबर को पदयात्रा प्रस्तावित है। इसका मार्ग अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक रहेगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। तीनों शहरों के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें: जापान भारत में करना चाहता है लंबी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण, जानिए इसके पीछे की बड़ी वजह
5 नवंबर तक चलेगा अभियान
भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत पदयात्राओं के अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद, युवा और विद्यार्थी कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का उद्देश्य एसआईआर के समर्थन में जनमत तैयार करना और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देना है।

