नई दिल्ली: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सरकारी कंपनी गेल इंडिया (GAIL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी गेल गैस लिमिटेड जल्द ही शेयर बाजार में लिस्ट हो सकती है। कंपनी के बोर्ड ने IPO के जरिए गेल गैस के शेयरों को भारतीय स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस खबर के बाद निवेशकों की नजर अब कंपनी के आगामी IPO पर टिक गई है।
IPO में 25% तक हिस्सेदारी बेच सकती है GAIL
गेल इंडिया ने 30 अक्टूबर को स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में बताया कि बोर्ड ने गेल गैस के IPO को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत गेल इंडिया अपनी सब्सिडियरी कंपनी में 25 प्रतिशत तक इक्विटी हिस्सेदारी कम कर सकती है।
हालांकि, अभी IPO की कीमत, प्राइस बैंड और इश्यू का आकार तय नहीं हुआ है। इन सभी पहलुओं पर बुक रनिंग लीड मैनेजर्स की सलाह के आधार पर अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद गेल इंडिया का बोर्ड IPO की संरचना और अन्य शर्तों पर अंतिम फैसला लेगा।
2008 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
गेल गैस लिमिटेड की स्थापना साल 2008 में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। कंपनी घरेलू रसोई, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और वाहनों तक प्राकृतिक गैस पहुंचाने के कारोबार में सक्रिय है।
वर्तमान में कंपनी मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक समेत नौ राज्यों के 16 भौगोलिक क्षेत्रों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजनाएं संचालित कर रही है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, गोवा और असम में भी अपना कारोबार बढ़ा रही है।
छह शहरों में कारोबार का विस्तार
गेल इंडिया के बोर्ड ने गेल गैस को छह नए सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन क्षेत्र सौंपने की भी मंजूरी दी है। इनमें वाराणसी, पटना, रांची, पूर्वी सिंहभूम, कटक और खुर्दा शामिल हैं।
इन क्षेत्रों का ट्रांसफर बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट के तहत स्लम्प सेल के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 1 जनवरी 2027 की प्रभावी तारीख तय की गई है। इससे गेल गैस के कारोबार और नेटवर्क का विस्तार होने की उम्मीद है।
GAIL के मुनाफे में 139% की बढ़ोतरी
IPO की खबर के साथ गेल इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे भी जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 139.3 प्रतिशत बढ़कर 4,719.66 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,972.40 करोड़ रुपये था।
वहीं कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 32.7 प्रतिशत बढ़कर 47,301.03 करोड़ रुपये पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: एपस्टीन प्रकरण पर हरदीप पुरी को घेरा, MP से राज्यसभा भेजने पर कांग्रेस ने BJP से पूछे सवाल?
शेयर बाजार में GAIL के शेयरों का हाल
शुक्रवार को गेल इंडिया के शेयर 168 रुपये पर बंद हुए। पिछले कारोबारी बंद भाव 165.10 रुपये के मुकाबले इसमें करीब 1.80 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान शेयर ने 170.70 रुपये का इंट्रा-डे हाई भी छुआ।
फिलहाल गेल गैस के IPO की तारीख और प्राइस बैंड का ऐलान नहीं हुआ है। निवेशकों को इसके लिए कंपनी की आगे की आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करना होगा।

