भोपाल/बैतूल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले को बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि ट्रांसफर की। साथ ही ग्राम वन समितियों के सदस्यों को 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी अंतरित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 297 करोड़ रुपये से अधिक के 52 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 145 करोड़ रुपये से अधिक के 55 कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा, पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम वन मंडल के संग्राहकों को यह बोनस मिला है। अब तक प्रदेश के संग्राहकों को 80 करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को लगातार लाभ दे रही है। बैतूल में कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास के लिए 50 करोड़ की लागत से भूमिपूजन किया गया है। सरकार मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्कूटी दे रही है, वहीं 85 हजार सरकारी पदों पर नियुक्ति हो चुकी है और एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ के नए कारखाने लगेंगे, कुकरू-खामला में पर्यटन सुविधाओं के लिए 15 करोड़ रुपये दिए जाएंगे और वहां कॉफी के बागान लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: इंदौर में 2 नवंबर से जुटेंगे संघ के दिग्गज, मोहन भागवत समेत 408 प्रतिनिधि होंगे शामिल
मुख्य घोषणाएं
- नल जल योजना के लिए 50 करोड़
- बैतूल में 15 करोड़ से गीता भवन और हाट बाजार
- सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़
- 70 करोड़ की लागत से चार जलाशयों का निर्माण
- 154 करोड़ से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना
- घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय
- हाई स्कूलों में 50 करोड़ से सुविधाओं का विस्तार
- 100 करोड़ से फुटबॉल टर्फ, इनडोर-आउटडोर स्टेडियम
- बैतूल में जनजातीय संग्रहालय
- ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में 7 करोड़ से सफारी गेट और 3 करोड़ से बटरफ्लाई पार्क

