बालाघाट: जिले में कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार 31 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश पर और जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में कटंगी वृत्त की टीम ने तिरोड़ी इलाके में दबिश दी।
टीम ने ग्राम पांडरीटोला, जामुनटोला और अंजनबिहारी में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान अलग-अलग ठिकानों पर प्लास्टिक के बड़े-बड़े ड्रमों और बोरियों में छुपाकर रखा गया महुआ लाहन मिला। अधिकारियों ने मौके से करीब 2400 किलोग्राम लाहन बरामद किया। यह लाहन कच्ची शराब बनाने के लिए इकट्ठा किया गया था।
मौके पर ही आबकारी टीम ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत 7 प्रकरण दर्ज किए। जांच के लिए लाहन के सैंपल लिए गए और बाकी पूरे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग के मुताबिक जब्त की गई सामग्री की बाजार में कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये है।
यह भी पढ़ें: अनुपमा रॉयल एकेडमी में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित
इस कार्रवाई में वृत्त प्रभारी ज्योति सोनी के साथ मुख्य आरक्षक द्वार सिंह उइके, अतरलाल उइके, टीकाराम शरणागत और आरक्षक आरती धुर्वे शामिल रहे। टीम ने सुबह से ही इन गांवों में घेराबंदी कर रखी थी ताकि आरोपी भाग न सकें।
आबकारी विभाग ने साफ कहा है कि जिले में जहां-जहां अवैध शराब बनाई जा रही है, वहां ऐसे छापे आगे भी जारी रहेंगे। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि अगर कहीं अवैध शराब बनने की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचना दें।

