बालाघाट: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया ने शुक्रवार को सिविल अस्पताल वारासिवनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में डॉ. दाहिया ने अस्पताल के सभी वार्ड, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और अन्य कक्षों का दौरा किया। उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ की समय पर उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश दिए। कहा कि अस्पताल में डॉक्टर और कर्मचारी समय पर आएं, ताकि मरीजों को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।
यह भी पढ़ें: अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, 2400 किलो महुआ लाहन जब्त
उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की और प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को सभी जरूरी दवाएं अस्पताल से ही मिलनी चाहिए। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
सीएमएचओ ने इलाज कराने आए मरीजों से भी बातचीत की और उनसे स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना पहली प्राथमिकता है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

