देवास: मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके परिवार के लिए बड़ी सहायता का ऐलान किया है। सरकार परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देगी। साथ ही उनकी पत्नी को एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति भी दी जाएगी।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को घटनास्थल पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को घटनास्थल पर रवाना किया
मुख्यमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने घटना को कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई दुखद घटना बताते हुए दिवंगत टीआई को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया है। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
ये भी पढ़ें: देवास में TI की मौत पर सियासी घमासान, मंत्री सारंग ने कांग्रेस पर उठाए सवाल; DG उपेंद्र जैन कर रहे जांच
अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने पहुंचे टीआई को कुचला
देवास जिले के खातेगांव में सोमवार सुबह करीब दो बजे हरदा-नेमावर हाईवे पर यह घटना हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा वाहन गुजरने वाला है। इसके बाद खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ चेकिंग के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान संदिग्ध आयशर वाहन को रोकने की कोशिश में चालक और टीआई के बीच झूमाझटकी हुई। आरोप है कि चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे टीआई नीचे गिर गए और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। मामले में शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

