देवास: अवैध तस्करी रोकने गए देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने से मौत मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने प्रकरण के तार कांग्रेस नेताओं से जुड़े होने का आरोप लगाते हुए राहुल जायसवाल और उनके भाई की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। मामले की जांच डीजी उपेंद्र जैन कर रहे हैं।
सारंग बोले- मामले के तार कांग्रेस नेताओं से जुड़ते दिखाई दे रहे
मंत्री सारंग ने कहा, देवास में सामने आया पूरा मामला अत्यंत दुखद और गंभीर है। प्रारंभिक जानकारी में इस मामले के तार सीधे कांग्रेस नेताओं से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल की भूमिका इस पूरे मामले में सामने आई है। टिमरनी की जिस शराब दुकान से इस पूरे मामले के तार जुड़े हैं, उसमें कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल पार्टनर हैं। दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा ने पुलिस को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।
‘राहुल जायसवाल जीतू पटवारी के करीबी’
राहुल जायसवाल कांग्रेस के खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए।इससे पहले देवास के अवैध शराब प्रकरण में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल की संलिप्तता भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों में कांग्रेस नेताओं और उनसे जुड़े लोगों के नाम सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़ें: पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह का कांग्रेस पर हमला, घुसपैठियों को वोटबैंक बनाने का लगाया आरोप
‘कांग्रेस नेतृत्व को सवालों का जवाब देना चाहिए’
मध्यप्रदेश में अवैध शराब कारोबार के सामने आए इन प्रकरणों से यह स्पष्ट करने की आवश्यकता है कि आखिर इस नेटवर्क को किसका संरक्षण प्राप्त है। क्या कांग्रेस नेताओं की भूमिका के साथ यह कारोबार संचालित हो रहा है?
हमने पहले भी सवाल उठाया है कि अवैध शराब के कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल कहीं कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बिजली बिल, पार्टी के धरने-प्रदर्शनों और अन्य खर्चों के लिए तो नहीं किया जा रहा है? कांग्रेस नेतृत्व को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को मौन तोड़कर प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए कि उनकी पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के नाम बार-बार अवैध शराब के मामलों से क्यों जुड़ रहे हैं। कांग्रेस को अपनी राजनीतिक और नैतिक जिम्मेदारी से बचना नहीं चाहिए।

