Tuesday, November 3, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमां-बेटे के जनाजे एक साथ उठे तो हर आंख हुई नम, अंतिम...

मां-बेटे के जनाजे एक साथ उठे तो हर आंख हुई नम, अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

बेगमगंज: जब एक ही घर से दो जनाजे एक साथ उठते हैं तो मंजर बेहद दर्दनाक होता है। रायसेन जिले के बेगमगंज में रविवार को कुछ ऐसा ही हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला। मां और बेटे की एक साथ अंतिम विदाई ने पूरे नगर को गमगीन कर दिया। जनाजे उठते ही हर आंख नम हो गई और पूरे शहर में मातम पसर गया।

खुशियों का सफर बना मातम में तब्दील

बेगमगंज के नबी अहमद कपड़े वालों का परिवार शादी समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश के बांदा जा रहा था। मुरैना के पास उनकी स्कॉर्पियो की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार की अगली सीट पर बैठे मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

मां ने पति को दी थी अपनी सीट

बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ देर पहले मृतका ने अपने पति बदरे आलम से कहा था कि वे बीच वाली सीट पर आकर आराम कर लें। पत्नी की बात मानकर बदरे आलम बीच की सीट पर आ गए और मां ने अपने बेटे जाहिद अहमद के साथ अगली सीट पर जगह ले ली। कुछ ही दूरी पर हुए हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।

छात्र के निधन से स्कूल में शोक, छुट्टी घोषित

मृतक जाहिद अहमद सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा सातवीं का विद्यार्थी था। उसके निधन की खबर से विद्यालय परिवार स्तब्ध रह गया। शोक स्वरूप स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई।

एक साथ उठे दो जनाजे, टूट गई दीवारें

मां-बेटे की अंतिम यात्रा उनके निवास बढ़ापुरा से निकाली गई। जब दोनों जनाजे एक साथ घर से उठे तो मौजूद हर व्यक्ति की आंखें छलक पड़ीं। इस गम की घड़ी में धर्म-मजहब की दीवारें भी छोटी पड़ गईं। बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के लोगों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर परिवार को ढांढस बंधाया।

जामा मस्जिद में दोनों जनाजों की अलग-अलग नमाज अदा की गई, जिसके बाद मलंग शाह का तकिया स्थित कब्रिस्तान में मां-बेटे को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

स्कूल परिवार रहा आखिरी सफर में साथ

अपने विद्यार्थी को अंतिम विदाई देने के लिए सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल का पूरा पुरुष स्टाफ अंतिम यात्रा में शामिल रहा। शिक्षकों का अपने छात्र के आखिरी सफर में साथ चलना हर किसी को भावुक कर गया।

यह भी पढ़ें: टीआई हत्याकांड के बाद शराब तस्करों पर शिकंजा, पांच जिलों में पुलिस की दबिश

गणमान्य नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा में कस्टम विभाग के कमिश्नर और नारकोटिक्स विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सहित नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मजलिसे शूरा, इस्लाहे मिल्लत कमेटी, मुस्लिम त्योहार कमेटी, न्यू यंग मोमिन ग्रुप, न्यू स्टार ग्रुप, मंसूरी समाज संगठन, झंडा क्रिकेट क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन