ग्वालियर: जिले में करवा चौथ मनाने आए सशस्त्र सीमा बल के जवान ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह रातभर पत्नी के शव के पास सोता रहा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे शव कार में रखकर अपने पुश्तैनी गांव भिंड ले गया। वहां ससुराल वालों को फोन कर पत्नी की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कही।
शरीर पर चोट के निशान देखकर मायके पक्ष को शक हुआ
बेटी के शरीर पर चोट के निशान देखकर मायके पक्ष को शक हुआ। परिजन ने सवाल किए तो आरोपी ने सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। उसने 12 साल की बेटी को भी चुप रहने की धमकी दी। हालांकि, बेटी ने चुपके से अपने मामा को पूरी घटना बता दी। इसके बाद हत्या का मामला सामने आया। आरोपी गांव से फरार है।
जवान करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था
पुलिस के मुताबिक, भिंड के छौंदा गांव का रहने वाला ज्ञान सिंह SSB में सिपाही है। उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। वह 27 अक्टूबर को करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। यहां मुरार के खुरैरी इलाके में किराए के मकान में रहता था।
रविवार को उसके पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद पत्नी रिंकी जाटव ने ससुर को वापस भिंड छोड़ने के लिए कहा। इसी बात पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। ज्ञान सिंह पिता को भिंड छोड़कर रविवार रात घर लौटा।
उस समय रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस पर ज्ञानसिंह को शक हुआ। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाए और विवाद शुरू कर दिया।
बेटी ने मामा को चुपके से बताई घटना
आरोप है कि ज्ञानसिंह ने बेटी प्रियांशी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद उसने चुपके से अपने मामा सचिन को पूरी घटना बता दी।
बेटी ने बताया कि मां मोबाइल पर बात कर रही थीं। तभी पिता घर आए और शक के चलते उनकी हत्या कर दी। बेटी के बयान और रिंकी के शरीर पर चोट के निशान सामने आने के बाद मामला हत्या का निकला। खुद को घिरता देख आरोपी गांव से फरार हो गया।
परिजन शव लेकर मुरार थाने पहुंचे
भिंड में दिनभर हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर परिजन सोमवार देर रात रिंकी का शव कार से ग्वालियर लेकर आए। वे मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली ने बताया कि खुरैरी में एक युवक ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है। वह शव भिंड ले गया और हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही। नाबालिग बेटी ने घटना का खुलासा किया है। पुलिस चश्मदीदों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।

