नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग ने छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की घोषणा की है। इस अभियान के तहत पात्र मतदाताओं, युवाओं और पहली बार मतदान करने वालों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। आयोग ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया।
आयोग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में यह अभियान चलाया जाएगा।
30 नवंबर को जारी होगी मसौदा सूची
निर्वाचन आयोग के अनुसार, एसएसआर के तहत मसौदा मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी कर 21 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
इस प्रक्रिया में उन लोगों को भी आवेदन करने का मौका मिलेगा, जो 2027 में 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदान के पात्र हो जाएंगे। इससे भविष्य में पात्र होने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पहले से आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: नशे में ड्राइविंग पर MP में सख्ती, 501 लाइसेंस निलंबित; सागर में सबसे ज्यादा कार्रवाई
राज्यों को संसाधन जुटाने के निर्देश
चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को एसएसआर की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना और किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाना है।

