Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsमुरैना में पुलिस मुठभेड़ में 80 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर...

मुरैना में पुलिस मुठभेड़ में 80 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर गिरफ्तार

मुरैना: बानमोर थाना क्षेत्र के ललितपुरा जंगल में पुलिस और 80 हजार रुपए के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस को देखकर डकैत ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके साथी अजय गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से तीन अवैध हथियार और 50 से ज्यादा जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

जंगल में घेराबंदी के दौरान हुई फायरिंग

पुलिस को सूचना मिली थी कि बानमोर थाना क्षेत्र के ललितपुरा जंगल में डकैत कल्ली गुर्जर और उसका साथी अजय गुर्जर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर कल्ली गुर्जर ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कल्ली और उसके साथियों ने पुलिस पर 20 से ज्यादा राउंड फायर किए। जवाब में पुलिस ने भी 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान कल्ली गुर्जर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन हथियार और 50 से अधिक कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक माउजर और एक पिस्टल समेत तीन अवैध हथियार बरामद किए हैं। साथ ही 50 से अधिक जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। घायल कल्ली गुर्जर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी अजय गुर्जर को भी पैर में चोट आई है, उसे भी उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर अपराध

बताया जा रहा है कि कल्ली गुर्जर पर मुरैना, ग्वालियर, श्योपुर और राजस्थान के धौलपुर सहित कई जिलों में डकैती, लूट, मारपीट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक नेटवर्क को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

बदले की भावना में की थी हत्या

कल्ली गुर्जर देवगढ़ थाना क्षेत्र के वार्बसिन गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसने अपने भाई की हत्या के आरोपियों से बदले की भावना में एक युवक की हत्या की थी। इसके बाद से वह लंबे समय से फरार चल रहा था। कुछ दिन पहले ग्वालियर जिले में हाईवे पर एक ट्रक के टायर भी कुख्यात आरोपी कल्ली गुर्जर ने फोड़े थे। वहीं उसका सहयोगी अजय गुर्जर लहर गांव का निवासी है, उसे भी गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें: सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

एसपी ने दी जानकारी

इस पूरी घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी ने आसपास के पुलिस बल को एकत्रित कर ललितपुरा जंगल में टीम भेजी। झाड़ियों की आहट लेते हुए कल्ली गुर्जर ने पुलिस पर फायरिंग की। कल्ली और उसके साथियों ने अलग-अलग हथियारों से 20 से अधिक राउंड फायर किए। पुलिस टीम ने अपनी जान बचाते हुए 4 से 5 राउंड फायर किए, जिसमें एक बुलेट कल्ली के पैर में लगी। कल्ली और उसके साथी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। मानवता के नाते दोनों को इलाज के लिए लाया गया है। कुछ साथी जंगल का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन