खरगोन: गोगावां में अवैध हथियारों की तस्करी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से हथियार खरीदने आए आरोपी को पुलिस ने 10 अवैध देशी पिस्टलों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं।
बस स्टाप पर बैग लेकर खड़ा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी घुघरियाखेड़ी के बस स्टाप पर बैग लेकर खड़ा था। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बैग से 10 हस्तनिर्मित पिस्टल बरामद हुईं।
डेढ़ लाख रुपए के हथियार जब्त
जब्त हथियारों की कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी की पहचान हरेन्द्र कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियार खरीदने के लिए खरगोन आया था।
सिगनूर के व्यक्ति से खरीदने का खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सिगनूर के एक व्यक्ति से हथियार खरीदने का खुलासा किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हथियार बनाने वाला कौन है, कितने समय से यह नेटवर्क चल रहा था और इन हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी।
यह भी पढ़ें: मुरैना में पुलिस मुठभेड़ में 80 हजार का इनामी डकैत कल्ली गुर्जर गिरफ्तार
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, पूछताछ जारी
गोगावां थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

