खूंटी (झारखंड)। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सात लोगों की जान ले ली। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास हुए इस भीषण हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में महज 11 महीने का एक मासूम भी शामिल है। हादसे में पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक एक ही परिवार और आसपास के क्षेत्र के रहने वाले थे।
हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि ये लोग सड़क पर हुई एक दूसरी दुर्घटना के बाद मदद के लिए घरों से बाहर निकले थे, लेकिन खुद तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए।
स्कूटी हादसे के बाद जुटी थी भीड़, ट्रक ने रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी थी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के लोग मौके पर पहुंच गए। वे झाड़ियों में गिरे स्कूटी सवार को बाहर निकालने और उसकी मदद करने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित भारी ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पुलिया की दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे
इस हादसे में कौशांबी हरिजन कॉलोनी निवासी बिरसा नायक के परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में बिरसा नायक की पत्नी जयंती देवी, 20 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी और अंजलि का 11 महीने का बेटा सौरव नायक शामिल हैं।
इसके अलावा मानहू देवी, 65 वर्षीय पाको देवी, 12 वर्षीय गोलू कुमार और छह वर्षीय तूती कुमारी ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। वहीं, बिरसा नायक की पांच वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसका खूंटी सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, सात लोगों की मौत की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों के जरिए खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी की तलाश की जा रही है।

