Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsलॉरेंस बिश्नोई गैंग को अमेरिका में बड़ा झटका, गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत...

लॉरेंस बिश्नोई गैंग को अमेरिका में बड़ा झटका, गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में

मुबंई: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के विदेश में फैले नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। गैंग के करीबी सहयोगी और कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिकी अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। 7 नवंबर 2026 को सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद अमेरिका में यह कार्रवाई की गई है। हैरी बॉक्सर भारत में हत्या, धमकी और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह अमेरिका में रहकर गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था और विदेश से ही भारत में टारगेट किलिंग, फिरौती और धमकी के मामलों को अंजाम दिलवा रहा था।

हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। उसकी गिरफ्तारी को गैंग के विदेश में सक्रिय नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भारतीय एजेंसियां लंबे समय से उसके प्रत्यर्पण को लेकर अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में थीं।सूत्रों के अनुसार, हैरी बॉक्सर के खिलाफ भारत में कई राज्यों में मामले दर्ज हैं। अब अमेरिकी अधिकारियों की कार्रवाई के बाद उसके भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की ली थी जिम्मेदारी

हैरी बॉक्सर का नाम उस समय भी चर्चा में आया था, जब मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए कथित तौर पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद उसने बॉलीवुड से जुड़ी कई हस्तियों को धमकियां भी दी थीं।

हत्या और वसूली समेत कई मामले दर्ज

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हैरी बॉक्सर पर हत्या, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से भारतीय एजेंसियों की तलाश में था। उसकी गतिविधियों और ठिकाने को लेकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सहित अन्य एजेंसियां जानकारी जुटा रही थीं।

यह भी पढ़ें: देपालपुर की सफाई पर तय होगा अवॉर्ड, 11 नवंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित; स्वच्छ सुपर लीग में इंदौर की परीक्षा

अमेरिका में गैंगस्टरों पर बढ़ रही कार्रवाई

हाल के दिनों में अमेरिका में भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। हैरी बॉक्सर से पहले हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिकी अधिकारियों द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आई थीं।

फिलहाल हैरी बॉक्सर की हिरासत के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया और उसे भारत लाने को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। अगर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो भारतीय जांच एजेंसियों को उससे गैंग के नेटवर्क, विदेश में सक्रिय सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिल सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन