भोपाल: राजधानी भोपाल में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के विरोध में परिजनों और परिचितों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
विरोध में उतरे लोगों ने किया चक्काजाम
मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है, जहां कलरी देवी की हत्या के बाद शनिवार को परिजनों और परिचितों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर करीब 200 मीटर तक चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
परिजनों का कहना है कि हत्यारों ने इतनी बेरहमी से हत्या की कि कलरी देवी को मारकर उनके सोने के दांत तक उखाड़ लिए। परिजनों और परिचितों में वारदात को लेकर आक्रोश है। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक विरोध जारी रखने की बात कह रहे हैं।
दो हत्याएं, अपराध बढ़ने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इलाके में लगातार आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में इसी तरह की दो हत्याएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अपराधों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुजुर्ग महिला की हत्या से परिवार और क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग को अमेरिका में बड़ा झटका, गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
एसीपी अनिल बाजपेई, कोहेफिजा खाने के प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर, शाहजहानाबाद थाने के प्रभारी यूपीएस चौहान, सहित दो थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।

