भोपाल। मध्यप्रदेश में गोवंश संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 9 नवंबर को राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा समारोह में शामिल होंगे। राजधानी के रविंद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित 5 लाख 51 हजार निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। इस अवसर पर ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के विजेता पशुपालकों को भी सम्मानित कर पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
संस्कृति विभाग के अधीन श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में गोवर्धन पूजन के साथ गोवंश संरक्षण, संवर्धन और पशुपालकों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रदेश की 3 हजार से अधिक गोशालाओं में भी गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाएगा।
प्रति गोवंश प्रतिदिन 40 रुपये का अनुदान
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी के अनुसार, प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और कल्याण के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास कर रही है। इसके तहत गोशालाओं को प्रत्येक गोवंश के भरण-पोषण के लिए प्रतिदिन 40 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गोशालाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने, निराश्रित गोवंश के बेहतर व्यवस्थापन और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
गोसेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश देगा पर्व
श्री तिवारी ने कहा कि गोवर्धन पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गोवंश के प्रति सम्मान, सेवा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रदेशभर में आयोजित होने वाला यह पर्व गोसेवा, पशुपालकों के सम्मान और गोवंश संरक्षण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक सहभागिता से गोवंश संरक्षण की परंपरा को और मजबूत किया जा सकता है।

