Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsदीपावली पर मध्यप्रदेश में वायु प्रदूषण बढ़ा, भोपाल का AQI 314 और...

दीपावली पर मध्यप्रदेश में वायु प्रदूषण बढ़ा, भोपाल का AQI 314 और ग्वालियर में 363

भोपाल। दीपावली की रात पटाखों और आतिशबाजी का असर मध्यप्रदेश के शहरों की हवा पर साफ दिखाई दिया। कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। भोपाल के टीटी नगर में महज पांच घंटे के भीतर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 150 से बढ़कर 314 हो गया। यानी प्रदूषण का स्तर दोगुने से भी अधिक दर्ज किया गया। वहीं, ग्वालियर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां दीनदयाल नगर में AQI 363 तक पहुंच गया।

रात 10 बजे से सुबह 3 बजे के बीच दर्ज आंकड़ों के अनुसार, भोपाल के ईदगाह हिल्स में AQI 140 से बढ़कर 263 और पर्यावरण परिसर में 213 से बढ़कर 302 हो गया। सिंगरौली में भी यह 122 से बढ़कर 235 दर्ज किया गया।

ग्वालियर में सबसे खराब रही हवा

प्रदेश में सबसे चिंताजनक स्थिति ग्वालियर की रही। सुबह 3 बजे दीनदयाल नगर में AQI 363 दर्ज हुआ, जबकि महाराज बाड़ा में 337 और सिटी सेंटर में 329 रहा। तीनों मॉनिटरिंग स्टेशन पर हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। रात 10 बजे की तुलना में सिटी सेंटर में 59 और महाराज बाड़ा में 27 अंकों की बढ़ोतरी हुई।

इंदौर और जबलपुर में भी बढ़ा प्रदूषण

इंदौर के छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में AQI 281 से बढ़कर 338 पहुंच गया। मगोड़ा नगर में यह 203 से बढ़कर 316 दर्ज हुआ। वहीं, रेजिडेंसी एरिया में 206 से बढ़कर 261 रहा। छोटी ग्वालटोली और मगोड़ा नगर में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। हालांकि, इंदौर एयरपोर्ट पर AQI 99 से मामूली घटकर 98 रहा और रीजनल पार्क में 72 पर स्थिर रहा।

जबलपुर के मरहटल में AQI 219 से बढ़कर 328 और सुहागी में 228 से बढ़कर 303 हो गया। गुप्तेश्वर में भी यह 151 से बढ़कर 237 दर्ज हुआ। मरहटल और सुहागी में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई।

नौ मॉनिटरिंग स्टेशन पर बेहद खराब हवा

AQI की निर्धारित श्रेणियों के मुताबिक 201 से 300 तक का स्तर खराब और 301 से 400 तक बेहद खराब माना जाता है। सुबह 3 बजे प्रदेश के कम से कम नौ मॉनिटरिंग स्टेशन बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए गए। इनमें भोपाल के दो, ग्वालियर के तीन, इंदौर के दो और जबलपुर के दो स्टेशन शामिल हैं।

छोटे शहरों में भी प्रदूषण बढ़ा। देवास के भोपाल चौराहे पर AQI 133 से बढ़कर 239, कटनी के गोल बाजार में 166 से बढ़कर 229 और उज्जैन के महाश्वेता नगर में 212 से बढ़कर 281 हो गया। सिंगरौली में भी यह 235 दर्ज हुआ।

PM 2.5 बना प्रदूषण की प्रमुख वजह

सुबह 3 बजे के आंकड़ों में अधिकांश प्रदूषित शहरों में PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। ग्वालियर के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशन, भोपाल के टीटी नगर और पर्यावरण परिसर तथा जबलपुर के मरहटल और सुहागी में इसका प्रभाव प्रमुख रूप से दर्ज किया गया।

PM 2.5 बेहद सूक्ष्म प्रदूषक कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या इससे कम होता है। ये सांस के जरिए फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं। इनसे सांस और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। पटाखों के धुएं के अलावा वाहनों, उद्योगों और ईंधन के जलने से भी इनका उत्सर्जन होता है। दीपावली की रात आतिशबाजी के कारण इन सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ने से कई शहरों की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन